विकास दत्त मिश्रा/वाराणसी
बड़ागांव (वाराणसी)। त्रिपदा पब्लिक स्कूल में आज एक प्रेरणादायी क्षण देखने को मिला जब भारतीय सांख्यिकीय सेवा में ऑल इंडिया रैंक 21 प्राप्त करने वाले नव–नियुक्त अधिकारी राहुल कुमार सिंह ने विद्यालय का दौरा किया। वे पश्चिमपुर अहरक, जमालपुर, वाराणसी के निवासी है| विद्यालय परिवार ने राहुल कुमार सिंह का हार्दिक स्वागत पुष्पगुच्छ एवं तालियों की गड़गड़ाहट के साथ किया। अपने प्रेरक संबोधन में उन्होंने विद्यार्थियों को जीवन में निरंतर परिश्रम, अनुशासन और आत्मविश्वास बनाए रखने की सीख दी। उन्होंने कहा कि सफलता का मूलमंत्र है “सपनों को लक्ष्य बनाकर, दृढ़ संकल्प के साथ लगातार प्रयास करना।”
कड़ी मेहनत, अनुशासन और ईमानदारी के महत्व
उन्होंने कड़ी मेहनत, अनुशासन और ईमानदारी के महत्व के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता, बल्कि लगन और निरंतर प्रयास से ही ऊँचाइयाँ हासिल की जा सकती हैं।

विद्यालय के प्रधानाचार्य संदीप सिंह ने कहा कि राहुल कुमार सिंह जैसे युवाओं की उपलब्धि न केवल हमारे क्षेत्र बल्कि पूरे समाज के लिए गौरव की बात है। उनके अनुभव और विचार छात्रों को अपने भविष्य के प्रति प्रेरित करेंगे। इस मौके पर विद्यालय के प्रबंधक कन्हैया लाल पटेल बच्चों को प्रेरित करते हुए कहा कि हमें निरंतर अपने अध्यापन पर ध्यान देना चाहिए | उन्होंने बताया कि कैज़ेन (Kaizen) एक जापानी शब्द है जिसका अर्थ है निरंतर सुधार (Continuous Improvement)। यह सिद्धांत हमें सिखाता है कि सफलता किसी एक बड़े परिवर्तन से नहीं, बल्कि छोटे-छोटे सुधारों से मिलती है। विद्यालय प्रबंधन द्वारा बच्चों को विभिन्न प्रश्न पूछने का अवसर प्रदान किया गया, जिनका उत्तर राहुल कुमार सिंह ने अत्यंत सरलता और सहजता से दिया।

इस मौके पर विद्यालय के उप प्रबंधक प्रेमचंद सिंह, सह निदेशक श्रीमती प्रमिला वर्मा, शैक्षणिक निदेशक राकेश कुमार चौबे, उप प्रधानाचार्य शिवशंकर मौर्य सहित विद्यालय के सभी अध्यापक, अध्यापिका एवं सभी विद्यार्थी उपस्थित रहें |










