सोनभद्र ब्यूरो कार्यालय
रेणुकूट। विद्युत वितरण खंड पिपरी में संविदा कर्मियों की मांगों को लेकर चल रहा आंदोलन लगातार तेज होता जा रहा है। शुक्रवार को भूख हड़ताल का तीसरा दिन रहा, जिसमें जिला अध्यक्ष ज्योति कुमार और मंडल सचिव नितेश मौर्य अब भी अन्न ग्रहण नहीं कर रहे हैं। दोनों नेताओं ने बताया कि वे केवल पानी के सहारे हड़ताल कर रहे हैं और यह संघर्ष तब तक जारी रहेगा जब तक विभाग उनकी मांगों पर स्पष्ट और संतोषजनक समाधान नहीं देता।

जिलाध्यक्ष ज्योति कुमार ने कहा कि लगातार मांगें रखने और कई दौर की वार्ता के बावजूद विभाग समस्या को टालता आ रहा है। निकाले गए संविदा कर्मियों की बहाली, काटे गए वेतन का भुगतान तथा अवकाश संबंधी नियमों के पालन जैसे मुद्दों पर अब तक कोई ठोस निर्णय नहीं दिया गया है। इसी कारण संगठन ने लड़ाई को निर्णायक रूप देने का फैसला किया है। धरना स्थल पर मौजूद संविदाकर्मियों ने भी जिला नेतृत्व के फैसले का समर्थन किया और कहा कि जब तक समाधान नहीं मिलता, आंदोलन इसी तरह जारी रहेगा। कर्मियों ने चेतावनी भी दी कि यदि विभाग जल्द निर्णायक कदम नहीं उठाता, तो आंदोलन और कठोर रूप ले सकता है।










