ब्यूरो कार्यालय सोनभद्र
रेणुकूट। पिपरी थाना क्षेत्र अंतर्गत विश्वकर्मा नगर निवासी पंकज कुमार गुप्ता ने अपनी पत्नी के सोने के आभूषण व नगद रुपये चोरी होने के मामले में स्थानीय पुलिस पर कार्रवाई न करने का आरोप लगाते हुए पुलिस अधीक्षक सोनभद्र को प्रार्थना पत्र सौंपा है। पीड़ित के अनुसार 13 नवंबर 2025 की रात वह अपनी पत्नी व बच्चों के साथ रेणुकूट से रायगढ़ कार संख्या UP64 BC 2790 से जा रहे थे। कार चालक राज मोहम्मद द्वारा गाड़ी अम्बिकापुर के एक पेट्रोल पंप पर करीब तीन घंटे खड़ी की गई, जहां सभी लोग गाड़ी में सो गए। सुबह रायगढ़ पहुंचने पर पीड़ित की पत्नी के पर्स से करीब 40 ग्राम सोने के आभूषण व 12 हजार रुपये नगद गायब मिले। पीड़ित का आरोप है कि घटना के समय कार में चालक के अलावा कोई बाहरी व्यक्ति मौजूद नहीं था और संदेह चालक पर ही है।
शिकायत के बाद भी नहीं हुई कार्यवाही
इस संबंध में 14 नवंबर को रेणुकूट पुलिस चौकी तथा 18 नवंबर को थाना पिपरी में लिखित शिकायत दी गई, लेकिन पुलिस द्वारा कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। पीड़ित का यह भी आरोप है कि वाहन मालिक के प्रभाव के चलते मामले को दबाने का प्रयास किया जा रहा है। पंकज कुमार गुप्ता ने एसपी से मामले की निष्पक्ष जांच कर चोरी गए आभूषण व नगद राशि बरामद कराने तथा दोषियों के विरुद्ध उचित धाराओं में कार्रवाई की मांग की है। पुलिस अधीक्षक कार्यालय में प्रार्थना पत्र प्राप्त होने के बाद जांच के निर्देश दिए जाने की बात कही जा रही है।











