सोनभद्र ब्यूरो कार्यालय
बीजपुर (सोनभद्र) स्थानीय थाना क्षेत्र के नेमना ग्राम पंचायत के टोला धौरहवां में गुरुवार की सायं उस समय अफरा-तफरी मच गई जब एक युवक अचानक घर के पास लगे ट्रांसफार्मर पर चढ़ गया और तेज करंट की चपेट में आकर बुरी तरह झुलस गया। गंभीर हालत में उसे आनन-फानन में अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार धौरहवा निवासी अत्रिलाल (30), पुत्र पन्ने लाल, गुरुवार शाम अपने घर के समीप स्थित विद्युत ट्रांसफार्मर पर चढ़ गया। जैसे ही वह ट्रांसफार्मर के संपर्क में आया, तेज करंट ने उसे अपनी चपेट में ले लिया, जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गया। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के ग्रामीणों में दहशत फैल गई।
ग्रामीणों और परिजनों ने तुरंत डायल 112 को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को तत्काल एनटीपीसी के धन्वंतरि चिकित्सालय पहुंचाया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज जारी है। चिकित्सकों के अनुसार युवक की हालत स्थिर बनी हुई है। घटना के बाद स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि ट्रांसफार्मरों के आसपास पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम होते, तो इस तरह की घटनाओं को रोका जा सकता था। फिलहाल पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि युवक किन परिस्थितियों में ट्रांसफार्मर पर चढ़ा।









