सुभाष पाण्डेय/सोनभद्र
सोनभद्र। खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और सुरक्षित खाद्य सामग्री की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए सोनभद्र में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग की टीम ने चुर्क क्षेत्र में विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। इस दौरान 7 किलो 600 ग्राम खुली हल्दी पाउडर सीज किया जबकि कई खाद्य पदार्थों के नमूने जांच के लिए लिए गए बुधवार दोपहर 3 बजे सूचना विभाग ने बताया कि जिलाधिकारी एवं अपर जिलाधिकारी (वित्त/राजस्व) के आदेश तथा सहायक आयुक्त (खाद्य)-II के निर्देश पर चलाए गए अभियान के दौरान चुर्क स्थित सीमेंट फैक्ट्री की मे. अन्नपूर्णा कैंटीन का निरीक्षण किया गया।
टीम ने वहां तैयार दाल और होमोजिनाइज्ड स्टैंडर्डाइज्ड दूध के नमूने लिए। किचन कर्मचारियों को व्यक्तिगत स्वच्छता समेत खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन करने के निर्देश दिए गए तथा कमियों को लेकर सुधार सूचना जारी की गई इसके बाद मे. अशोक जनरल स्टोर के निरीक्षण में बिक्री के लिए रखी खुली हल्दी पाउडर का नमूना लिया गया। मौके पर उपलब्ध 7 किलो 600 ग्राम हल्दी पाउडर सीज करते हुए संचालक को खुला मसाला पाउडर और खुला खाद्य तेल नहीं बेचने के निर्देश दिए गए वहीं मां विंध्यवासिनी इंटरप्राइजेज से कार्बोनेटेड वाटर के स्प्राइट और लिम्का ब्रांड के नमूने भी संग्रहित किए गए।
सभी नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिया गया है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी खाद्य सुरक्षा विभाग ने बताया कि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए इस तरह के निरीक्षण और नमूना संग्रहण अभियान आगे भी जारी रहेंगे।












