_अध्यक्ष, महामंत्री और कोषाध्यक्ष पद को लेकर शुरू हुई चर्चाएं, भावी प्रत्याशियों ने अधिवक्ता मतदाताओं से साधा संपर्क

सोनभद्र। सदर तहसील एवं न्यायालय परिसर में सोनभद्र बार एसोसिएशन के वर्ष 2026-2027 के चुनाव को लेकर सरगर्मियां तेज होने लगी हैं। अध्यक्ष, महामंत्री और कोषाध्यक्ष पद के भावी प्रत्याशियों की ओर से परिसर में जगह-जगह होर्डिंग और पोस्टर लगाए जाने के बाद चुनावी चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है। भावी प्रत्याशी अधिवक्ता मतदाताओं से संपर्क साधने में भी जुट गए हैं। जानकारी के अनुसार, शारदीय नवरात्र से ही भावी प्रत्याशियों की ओर से सदर तहसील एवं न्यायालय परिसर में होर्डिंग-पोस्टर लगाकर नवरात्र, दशहरा और दीपावली की शुभकामनाएं दी जा रही हैं। इन पोस्टरों के माध्यम से संभावित प्रत्याशी अपनी मौजूदगी दर्ज कराने के साथ ही चुनावी माहौल बनाने में जुटे हैं। अध्यक्ष पद के लिए हेमनाथ द्विवेदी एडवोकेट, ओमप्रकाश तिवारी एडवोकेट एवं आनंद कुमार मिश्र एडवोकेट के नाम प्रमुखता से सामने आए हैं। वहीं महामंत्री पद के लिए अरुण कुमार सिंघल, प्रभात कुमार मिश्र, अखिलेश कुमार मिश्र, मनोज कुमार मिश्र एवं पवन कुमार मिश्र एडवोकेट के होर्डिंग-पोस्टर चर्चा में हैं। कोषाध्यक्ष पद के लिए कंचन सिन्हा एडवोकेट ने भी अपनी दावेदारी के संकेत दिए हैं।
अधिवक्ता वर्ग में चल रही चर्चाओं के मुताबिक, अध्यक्ष पद पर दो से तीन और भावी प्रत्याशियों के सामने आने की संभावना जताई जा रही है। महामंत्री पद पर भी एक-दो नए चेहरे मैदान में उतर सकते हैं। वहीं कोषाध्यक्ष पद के लिए एक अन्य महिला प्रत्याशी की दावेदारी की भी चर्चा है। फिलहाल सदर तहसील और न्यायालय परिसर में चुनावी माहौल बनने लगा है। संभावित प्रत्याशी अधिवक्ता मतदाताओं से व्यक्तिगत संपर्क कर समर्थन जुटाने में लगे हैं। इसके चलते संभावित मुकाबले और जीत-हार को लेकर कयासबाजी भी तेज हो गई है। हालांकि चुनाव की वास्तविक तस्वीर चुनाव कार्यक्रम घोषित होने और नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।











