सोनभद्र ब्यूरो कार्यालय
रेणुकूट। म्योरपुर विकास खंड में समर कैंप का आयोजन शुरू हो गया है। यह कैंप 21 मई से 15 जून तक 3 सप्ताह का चलेगा। कैंप में कक्षा 6 से 8 तक के विद्यार्थी भाग ले रहे हैं। कैंप का मुख्य उद्देश्य बच्चों में आत्मविश्वास और जीवन कौशल का विकास करना है। साथ ही खेलकूद, विज्ञान और सांस्कृतिक गतिविधियों के माध्यम से उनका समग्र विकास करना है। कम्पोजिट विद्यालय बभनडीहा में प्रभारी प्रधानाध्यापक रजनीश कुमार श्रीवास्तव ने द्वितीय दिवस के कार्यक्रम में बच्चों को हस्तशिल्प कला सिखाई गई। उन्होंने मिट्टी और कागज से जीव-जंतुओं के खिलौने, रसोई के बर्तन, फूल और यातायात के साधन बनाए। विद्यार्थियों ने कर्मा नृत्य की प्रस्तुति दी और लोककथाओं का वाचन किया।

बच्चों ने कैरम, लूडो, शतरंज और क्रिकेट जैसे खेलों का आनंद भी लिया। खैराही, काचन, वनमहरी, सोनवानी, कुदरी समेत कई अन्य स्कूलों में भी कार्यक्रम का सफल आयोजन हुआ। विद्यालय प्रबंध समिति के सदस्यों और ग्राम प्रधानों ने इस पहल की सराहना की। उनका कहना है कि इस तरह के आयोजन से बच्चों का शारीरिक, मानसिक और बौद्धिक विकास होता है। शिक्षक, शिक्षा मित्र और अनुदेशकों ने कार्यक्रम को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। कार्यक्रम अपर मुख्य सचिव और जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी सोनभद्र के आदेश तथा खंड शिक्षा अधिकारी सुनील कुमार के निर्देशन में आयोजित किया जा रहा है।
