प्रयागराज ब्यूरो कार्यालय
झूंसी (प्रयागराज)। स्थानीय क्षेत्र के झूंसी के वार्ड संख्या 50 स्थित शिवबाग कॉलोनी में प्राचीन शिव मंदिर के सामने लंबे समय से जलभराव एक गंभीर समस्या बनी हुई है। सड़क पर हमेशा पानी भरा रहने के कारण मंदिर में दर्शन एवं जलाभिषेक के लिए आने वाले श्रद्धालुओं के साथ-साथ कॉलोनी के निवासियों को भी प्रतिदिन भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। आपको बताते चलें कि श्रावण मास प्रारंभ होने वाला है। इस दौरान प्रतिदिन सैकड़ों श्रद्धालु प्राचीन शिव मंदिर में भगवान शिव के दर्शन एवं जलाभिषेक के लिए आते हैं। लेकिन जलभराव के कारण उन्हें काफी परेशानी उठानी पड़ती है। वहीं शिवबाग कॉलोनी के निवासियों का भी दैनिक आवागमन भी बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों के लिए यह मार्ग जोखिम बना हुआ है तथा दुर्घटना की आशंका भी आये दिन बनी रहती है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि इस सड़क के निर्माण हेतु टेंडर स्वीकृत हो चुका है, लेकिन अभी तक निर्माण कार्य शुरू नहीं कराया गया है। इस संबंध में झूंसी के वार्ड संख्या 50 की पार्षद श्रीमती बबिता यादव को भी कई बार अवगत कराया गया, किंतु अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई है।

शिवबाग कॉलोनी निवासी आनंद पांडेय, राकेश मिश्र, विष्णु पांडेय, शिव नारायण शुक्ल, अरुण शुक्ल सहित अन्य नागरिकों ने शासन, नगर निगम एवं संबंधित अधिकारियों से मांग की है कि श्रावण मास प्रारंभ होने से पहले सड़क निर्माण एवं जल निकासी की समुचित व्यवस्था कराई जाए ताकि श्रद्धालुओं और स्थानीय निवासियों को इस समस्या से शीघ्र राहत मिल सके। स्थानीय लोगों का आरोप है कि इस सड़क का निर्माण कार्य ठेकेदार राम बाबू यादव को आवंटित किया गया है लेकिन टेंडर स्वीकृत होने के बावजूद अब तक निर्माण कार्य प्रारंभ नहीं किया गया है। उनका कहना है कि कई बार निर्माण कार्य शीघ्र शुरू कराने का अनुरोध किए जाने के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई, जिससे लोगों में रोष व्याप्त है। स्थानीय नागरिकों ने संबंधित विभाग एवं प्रशासन से मामले की जांच कराते हुए शीघ्र सड़क निर्माण शुरू कराने की मांग की है।











