
रोशन शर्मा,अनपरा। अपर पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) सोनभद्र अनिल कुमार ने रविवार को थाना अनपरा का अर्दली रूम कर प्रचलित विभिन्न विवेचनाओं, लंबित प्रकरणों, न्यायालय संबंधी कार्यों एवं थाना अभिलेखों की विस्तारपूर्वक समीक्षा की।
अर्दली रूम के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक ने विवेचकों से प्रकरणवार जानकारी लेते हुए विवेचनाओं की वर्तमान प्रगति, साक्ष्य संकलन, अभियुक्तों की गिरफ्तारी, लंबित वैधानिक कार्यवाहियों तथा विवेचना की गुणवत्ता की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिया कि प्रत्येक विवेचना का निष्पक्ष, पारदर्शी एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने उपलब्ध भौतिक, तकनीकी एवं वैज्ञानिक साक्ष्यों का गहन परीक्षण करते हुए प्रभावी वैधानिक कार्रवाई करने पर जोर दिया। साथ ही लंबित विवेचनाओं का शीघ्र निस्तारण, वांछित अभियुक्तों की तत्काल गिरफ्तारी तथा न्यायालय संबंधी कार्यों का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

अपर पुलिस अधीक्षक ने थाना अभिलेखों के सुव्यवस्थित रख-रखाव और विवेचना से संबंधित सभी कार्यों को गुणवत्तापूर्ण ढंग से संपादित करने को कहा। उन्होंने अपराध नियंत्रण को और अधिक प्रभावी बनाने तथा अपराधियों के विरुद्ध कठोर एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया।










