
सोनभद्र। रिजर्व पुलिस लाइन चुर्क में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पावन पर्व श्रद्धा, उल्लास और भक्तिमय वातावरण के बीच धूमधाम से मनाया गया। पूरे परिसर में ‘नंद के आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की’ के जयघोष गूंजते रहे। पुलिस अधीक्षक सोनभद्र अभिषेक वर्मा एवं उनकी धर्मपत्नी की गरिमामयी उपस्थिति में पुलिस परिवार ने भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव पूरे उत्साह और श्रद्धाभाव के साथ मनाया। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर पुलिस लाइन स्थित मंदिर को आकर्षक ढंग से सजाया गया। भगवान श्रीकृष्ण की मनमोहक झांकी सजाई गई तथा बाल गोपाल का भव्य श्रृंगार किया गया। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा एवं उनकी धर्मपत्नी ने पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों एवं उनके परिवारीजनों के साथ विधि-विधानपूर्वक पूजा-अर्चना और आरती की।

कार्यक्रम के दौरान पुलिस परिवार के बच्चों ने भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं एवं जीवन प्रसंगों पर आधारित आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर सभी का मन मोह लिया। भक्ति गीतों और श्रीकृष्ण भजनों से पूरा पुलिस लाइन परिसर भक्तिमय हो उठा। इस अवसर पर एसपी अभिषेक वर्मा ने पुलिस परिवार को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भगवान श्रीकृष्ण का जीवन हमें सत्य, कर्तव्य, धर्म और लोककल्याण के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि ऐसे पर्व हमारी सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक विरासत को मजबूत करने के साथ समाज में प्रेम, सौहार्द, सद्भाव और एकता की भावना को सशक्त करते हैं।



आयोजन के दौरान पुलिस परिवार के सदस्यों में आपसी प्रेम, सौहार्द और पारिवारिक आत्मीयता का अद्भुत दृश्य देखने को मिला। कार्यक्रम के समापन पर सभी ने एक-दूसरे को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक ऑपरेशन ऋषभ रुणवाल, अपर पुलिस अधीक्षक नगर अनिल कुमार सहित अन्य पुलिस अधिकारी, कर्मचारी एवं उनके परिवारीजन उपस्थित रहे।












