
रेणुकूट। स्थानीय सेकंड प्लांट आवासीय परिसर के समीप शनिवार को 17 वर्षीय छात्रा रिया सिंह की घर के अंदर संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजनों के अनुसार छात्रा ने फांसी लगाई थी। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। परिजनों के अनुसार, रिया शुक्रवार की रात परिवार के साथ राधा-कृष्ण मंदिर में आयोजित जन्माष्टमी कार्यक्रम में शामिल हुई थी। देर रात करीब एक बजे परिवार घर लौटा था। शनिवार दोपहर घर के सदस्य आराम कर रहे थे। इसी दौरान रिया की छोटी बहन की नजर उस पर पड़ी, जिसके बाद परिजनों ने तत्काल उसे नीचे उतारकर उपचार के लिए ईएसआई अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद छात्रा को मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अस्पताल पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी। चौकी प्रभारी जितेंद्र सरोज ने बताया कि अस्पताल से किशोरी की मौत की सूचना प्राप्त हुई थी। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस के अनुसार, मौत के वास्तविक कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल सका है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट व जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
17 वर्षीय छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, जांच में जुटी पुलिस

By रोशन शर्मा (सोनभद्र ब्यूरो)
Published on:










