रामप्रवेश गुप्ता बीजपुर
बीजपुर (सोनभद्र) निर्माण एवं तकनीकी के देवता आदिशिल्पी भगवान विश्वकर्मा की जयंती बीजपुर व आसपास के ग्रामीण व औद्योगिक क्षेत्रों में पूरी श्रद्धा, उल्लास और धूमधाम के साथ मनाई गई। इस अवसर पर विभिन्न धार्मिक स्थलों, प्रतिष्ठानों और औद्योगिक इकाइयों में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विशेष पूजन अर्चन का आयोजन हुआ।
क्षेत्र के जरहा स्थित अजीरेश्वर महादेव मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से भगवान विश्वकर्मा की पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि की कामना की। वहीं एनटीपीसी रिहंद परियोजना के विभिन्न विभागों, वर्कशॉप और तकनीकी अनुभागों में कर्मचारियों व अधिकारियों ने मशीनों एवं संयंत्रों की साफ-सफाई कर सामूहिक रूप से हवन-पूजन किया और आरती उतारी।
बीजपुर बाजार और मुख्य मार्गों पर स्थित मोटर गैरेज, वर्कशॉप, वेल्डिंग दुकानों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में भी विशेष चहल-पहल रही।कामगारों और कारीगरों ने अपने औजारों, तकनीकी उपकरणों और वाहनों का विधिवत पूजन कर भगवान विश्वकर्मा से कार्यकुशलता व सुरक्षा का आशीर्वाद मांगा। अनुष्ठान के उपरांत जगह-जगह श्रद्धालुओं और कामगारों के बीच प्रसाद व मिष्ठान का वितरण किया गया।












