_छठ महापर्व को लेकर घाट पर सफाई, प्रकाश व्यवस्था, सजावट और अस्थायी चेंजिंग रूम सहित विभिन्न कार्यों पर खर्च होंगे करीब 3.10 लाख रुपये

अनपरा, सोनभद्र। छठ महापर्व की तैयारियों को लेकर नगर पंचायत अनपरा के वार्ड नंबर 14 मालवीय नगर स्थित कहुआनाला छठ घाट पर साफ-सफाई अभियान शुरू कर दिया गया है। वार्ड के भाजपा सभासद पंकज मौर्य के नेतृत्व में घाट की सफाई व्यवस्था को दुरुस्त कराने की पहल की गई है, ताकि छठ व्रतियों एवं श्रद्धालुओं को पर्व के दौरान किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
नगर पंचायत अनपरा की ओर से कहुआनाला छठ घाट पर साफ-सफाई, पथ प्रकाश व्यवस्था, आकर्षक सजावट, अस्थायी छाया, अस्थायी चेंजिंग रूम, पेंटिंग, मरम्मत सहित अन्य आवश्यक कार्यों के लिए करीब 3 लाख 10 हजार रुपये की निविदा जारी की गई है। इन कार्यों के पूरा होने से छठ घाट पर पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिलने की उम्मीद है। सभासद पंकज मौर्य ने घाट की व्यवस्थाओं को समय से पूरा कराने और स्वच्छता पर विशेष ध्यान देने की बात कही, जिससे छठ महापर्व के दौरान व्रतियों और श्रद्धालुओं को सुरक्षित एवं सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।











