किशन पाण्डेय/सोनभद्र
रेणुकूट। आदि शिल्पी एवं सृष्टि के महान शिल्पकार भगवान विश्वकर्मा की पूजा-अर्चना गुरुवार, 17 सितंबर को रेणुकूट समेत जनपद के विभिन्न हिस्सों में श्रद्धा और हर्षोल्लास के साथ की गई। इसी क्रम में हिण्डालको रेणुकूट के रोलिंग मिल विभाग के फिनिशिंग लाइन स्थित MCS एरिया में भी भगवान विश्वकर्मा की भव्य पूजा का आयोजन किया गया।

पूजा को लेकर परिसर में सुबह से ही कर्मचारियों में खासा उत्साह देखने को मिला। कर्मचारियों द्वारा पूरे प्रांगण को आकर्षक ढंग से सजाया गया और पूजा की तैयारियां जोर-शोर से की गईं। निर्धारित समय पर वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भगवान विश्वकर्मा की विधि-विधान से पूजा-अर्चना संपन्न कराई गई।

पूजा कराने पहुंचे पंडित जी ने मंत्रोच्चार के साथ भगवान विश्वकर्मा की महिमा और उनके शिल्प एवं निर्माण कला के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि भगवान विश्वकर्मा को देवताओं का प्रमुख शिल्पकार माना जाता है और उनकी पूजा विशेष रूप से तकनीकी, औद्योगिक एवं निर्माण कार्यों से जुड़े लोगों के लिए महत्वपूर्ण मानी जाती है।

पूजा-अर्चना के पश्चात विधिवत आरती की गई। इस दौरान बड़ी संख्या में कर्मचारियों ने श्रद्धापूर्वक भगवान विश्वकर्मा का आशीर्वाद लिया। आरती के बाद उपस्थित लोगों के बीच प्रसाद का वितरण किया गया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में अनिल कुमार, शरद चंद्रा, एम. नासिर, अजीत सिंह, बी.के. सिंह, विपिन कुमार, महेंद्र उपाध्याय, ए.के. तिवारी, यू.के. सिंह, रामबाबू, एच.एन. राम, राजेश दुबे, वीरेंद्र यादव, राजकुमार सिंह सहित सैकड़ों कर्मचारियों का विशेष सहयोग रहा। कार्यक्रम सौहार्दपूर्ण एवं भक्तिमय वातावरण में संपन्न हुआ।













