• रासपहरी के पास बीजपुर-मुर्धवा मार्ग पर हुआ हादसा, लंबे समय से बदहाल सड़क बनी दुर्घटना का कारण
म्योरपुर। बीजपुर-मुर्धवा मुख्य मार्ग पर रासपहरी के पास सड़क पर बने गहरे गड्ढे के चलते शनिवार शाम बाइक सवार दो युवक हादसे का शिकार हो गए। बाइक का पहिया गड्ढे में जाने से संतुलन बिगड़ गया और दोनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार रेणुकूट कॉलोनी के वार्ड नंबर एक निवासी रियाज अंसारी (30), पुत्र फिरोज अंसारी और राहुल (20), पुत्र इस्लाम शनिवार को म्योरपुर से बच्चों के लिए कपड़ों की खरीदारी कर बाइक से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान रासपहरी के पास मुख्य सड़क पर बने गड्ढे में बाइक का पहिया चला गया।
इससे बाइक अनियंत्रित हो गई और दोनों युवक सड़क पर गिर पड़े। स्थानीय लोगों का कहना है कि उक्त स्थान पर सड़क पर काफी दिनों से गड्ढा बना हुआ है, लेकिन लोक निर्माण विभाग की ओर से इसकी मरम्मत पर ध्यान नहीं दिया जा रहा है। इस मार्ग से प्रतिदिन बड़ी संख्या में छोटे-बड़े वाहनों का आवागमन होता है। सड़क पर बने गड्ढे के कारण पहले भी कई दुर्घटनाएं हो चुकी हैं।
क्षेत्रीय लोगों ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों से रासपहरी के पास सड़क की तत्काल मरम्मत कराने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की दुर्घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।












