किशन पाण्डेय सोनभद्र
रेणुकूट। नगर के गांधी मैदान में गुरुवार से प्रारंभ हो रही 9 दिवसीय राम कथा के पूर्व गुरुवार की सुबह भव्य कलश यात्रा का आयोजन किया गया। इस अवसर पर 251 महिलाओं ने सिर पर कलश धारण कर नगर में धार्मिक उल्लास के साथ कलश यात्रा निकाली। यात्रा के दौरान पूरा नगर राममय और भक्तिमय वातावरण में डूबा नजर आया। कलश यात्रा की शुरुआत गांधी मैदान से हुई, जो बिड़ला मंदिर के समीप स्थित संतोषी माता मंदिर तक पहुंची। वहां विधिवत पूजा-अर्चना के पश्चात यात्रा कॉलोनी क्षेत्र का भ्रमण करते हुए मिताली क्लब के समीप स्थित पंचमुखी हनुमान मंदिर पहुंची। इसके बाद यात्रा पुनः गांधी मैदान लौटकर संपन्न हुई। कलश यात्रा में शामिल महिलाओं ने पारंपरिक वेशभूषा धारण की हुई थी और पूरे मार्ग में जय श्रीराम के उद्घोष तथा भक्ति गीतों से वातावरण गुंजायमान रहा।
जगह-जगह पुष्पवर्षा कर कलश यात्रा का किया स्वागत
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ ने जगह-जगह पुष्पवर्षा कर कलश यात्रा का स्वागत किया। गांधी मैदान में गुरुवार से शुरू होने वाली 9 दिवसीय राम कथा के वक्ता प्रसिद्ध कथावाचक निलेश जी महाराज रहेंगे, जो प्रतिदिन रामचरितमानस की कथा के माध्यम से प्रभु श्रीराम के आदर्शों और जीवन मूल्यों का वर्णन करेंगे। राम कथा का आयोजन हिंडालको प्रबंधन एवं कर्मचारियों के सहयोग से किया जा रहा है। आयोजकों ने नगरवासियों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर कथा श्रवण कर पुण्य लाभ अर्जित करने की अपील की है।










