अमिताभ मिश्रा/रेणुकूट
रेणुकूट। स्वतंत्रता दिवस 2025 के अवसर पर केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) के बहादुर जवानों और अधिकारियों को उनकी उल्लेखनीय सेवाओं और उत्कृष्ट योगदान के लिए राष्ट्रपति के पुलिस पदकों से सम्मानित किया गया। इस संबंध में जानकारी देते हुए सीआईएसएफ इकाई रिहंद बांध परियोजना पिपरी के इकाई प्रभारी उप कमांडेंट मुकेश कुमार ने बताया कि यह उपलब्धि बल के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि इस सम्मान से बल सदस्यों का मनोबल और भी ऊँचा होगा तथा वे अपने कर्तव्यों के निर्वहन में और अधिक तत्परता एवं निष्ठा से कार्य करेंगे। इस वर्ष बड़ी संख्या में सीआईएसएफ के अधिकारियों को विशिष्ट सेवाओं, सराहनीय सेवाओं एवं उत्कृष्ट कर्तव्यों के लिए पदक प्रदान किए गए हैं। विशिष्ट सेवाओं के लिए राष्ट्रपति पुलिस पदक सीआईएसएफ की वरिष्ठ अधिकारियों की सूची में श्रीमती नीलिमा रानी सिंह (महानिरीक्षक, मध्य खंड मुख्यालय भीलाई), श्री संजय महता उप कमाण्डेन्ट सीजीबीएस नई दिल्ली और श्रीमती शिप्रा अचर्जी, सहायक कमाण्डेन्ट जेएओ बीएमएच कोलकाता को इस प्रतिष्ठित पदक से नवाजा गया है। सीआईएसएफ के विभिन्न सेक्टरों, एयरपोर्ट, औद्योगिक इकाइयों और फील्ड यूनिट्स में तैनात 23 अधिकारियों एवं जवानों को सराहनीय सेवाओं के लिए पुलिस पदक मिला है। इनमें उप कमांडेंट से लेकर इंस्पेक्टर और उप निरीक्षक स्तर तक के अधिकारी शामिल हैं। इन पदकों से सम्मानित कर्मियों ने सुरक्षा व्यवस्था, अनुशासन, सतर्कता और कर्तव्यनिष्ठा में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। इसके अलावा 3 अधिकारियों को उनकी लंबी और उत्कृष्ट सेवाओं के लिए राष्ट्रपति का पुलिस पदक दिया गया है। इनमें रमेश सिंह (उप कमांडेंट/अग्नि), सुरेन्द्र सिंह (सहायक उप निरीक्षक/अग्नि, पीएससी नई दिल्ली) और प्रशांत कुमार रावत (सहायक उप निरीक्षक/अग्नि, एनटीपीसी दरलीपाली) शामिल हैं। 3 जवानों को वीरता पदक भी प्रदान किया गया है, जिन्होंने कठिन परिस्थितियों और खतरनाक हालात में साहस और पराक्रम का परिचय दिया। इनमें संजीव कुमार, शंकरन उन्नी नायर और भद्र कुजुर का नाम शामिल है। सम्मानित होने वाले अधिकारियों और जवानों की तस्वीरें और सूची भी सार्वजनिक की गई है।

सीआईएसएफ महानिदेशक राजविंदर सिंह भाती ने कहा कि यह उपलब्धि पूरे बल के लिए गर्व का क्षण है। उन्होंने सम्मानित अधिकारियों और जवानों को बधाई देते हुए कहा कि उनकी निष्ठा, कर्तव्यपरायणता और वीरता से संगठन का गौरव और बढ़ा है। गौरतलब है कि सीआईएसएफ देश की प्रमुख सुरक्षा एजेंसी है, जो औद्योगिक प्रतिष्ठानों, एयरपोर्ट, मेट्रो रेल और अन्य महत्वपूर्ण राष्ट्रीय संपत्तियों की सुरक्षा में तैनात है।











