_SATYA SANATAN TRUST के बैंक खाते से करीब 2.37 करोड़ रुपये के संदिग्ध लेन-देन का मामला, पुलिस ने दो मोबाइल फोन किए बरामद

सोनभद्र। SATYA SANATAN TRUST के नाम से पंजीकृत बैंक खाते से करोड़ों रुपये की साइबर धोखाधड़ी से जुड़े मामले में दुद्धी पुलिस ने दो और वांछित आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अनपरा थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर-11 निवासी प्रवेश राज सिंह (40) तथा रेहटा निवासी जोनसीन क्रिशायान उर्फ राजेश कुमार (36) के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों के कब्जे से दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं। इस मामले में मुख्य आरोपी समेत अब तक कुल पांच लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है। पुलिस के अनुसार, समन्वय (JMIS) पोर्टल के माध्यम से SATYA SANATAN TRUST के नाम से पंजीकृत बैंक खाते की जांच में साइबर धोखाधड़ी से संबंधित 35 शिकायतें सामने आई थीं। जांच के दौरान खाते से लगभग 2.37 करोड़ रुपये के संदिग्ध लेन-देन की जानकारी मिली। इसके बाद थाना दुद्धी में मुकदमा अपराध संख्या 281/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4), 336(3), 338, 340(2) तथा सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धारा 66डी में मुकदमा दर्ज किया गया।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में साइबर अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। इससे पहले 25 अक्टूबर को पुलिस ने मुख्य आरोपी हरिकेश पाण्डेय उर्फ ऋषिकेश समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया था। मामले की विवेचना के दौरान प्रभारी निरीक्षक विश्वनाथ प्रताप सिंह के नेतृत्व में दुद्धी पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर 26 अक्टूबर को शाम करीब 6:10 बजे म्योरपुर थाना क्षेत्र के रनटोला तिराहे से दोनों वांछित आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने बताया कि दोनों आरोपियों को 27 अक्टूबर को न्यायालय में पेश करने के लिए रवाना किया गया।कार्रवाई करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक विश्वनाथ प्रताप सिंह, उपनिरीक्षक संजय सिंह, उपनिरीक्षक हरिकेश राम आजाद तथा पुलिसकर्मी शेरबहादुर यादव, सुनील सरोज, गणेश मिश्रा और चालक अरविन्द कुमार यादव शामिल रहे। मामले में पुलिस की विवेचना जारी है।











