सोनभद्र ब्यूरो कार्यालय
रेणुकूट। मंगलवार को पिपरी थाने में प्रभारी निरीक्षक सत्येंद्र कुमार राय के अनपरा स्थानांतरण के उपलक्ष्य में एक गरिमामय विदाई समारोह का आयोजन किया गया। इस दौरान पुलिस कर्मियों, व्यापारियों एवं नगर के गणमान्य लोगों ने उन्हें फूलमाला पहनाकर तथा अंगवस्त्र ओढ़ाकर सम्मानपूर्वक विदाई दी। कार्यक्रम का माहौल भावुक रहा और लोगों ने उनके कार्यकाल को याद करते हुए उनके सरल स्वभाव, कर्तव्यनिष्ठा और जनता के प्रति संवेदनशील व्यवहार की सराहना की। प्रभारी निरीक्षक सत्येंद्र कुमार राय ने अपने कार्यकाल के दौरान क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने, अपराध नियंत्रण और जनता से बेहतर संवाद स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके नेतृत्व में कई मामलों का त्वरित निस्तारण हुआ, जिससे आमजन में पुलिस के प्रति विश्वास बढ़ा। स्थानीय लोगों ने कहा कि वे हमेशा आम नागरिकों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते थे और त्वरित कार्रवाई करते थे। कार्यक्रम में पिपरी व्यापार मंडल अध्यक्ष प्रमोद जायसवाल ने कहा कि “प्रभारी निरीक्षक सत्येंद्र कुमार राय का कार्यकाल पिपरी क्षेत्र के लिए बहुत अच्छा रहा। उन्होंने व्यापारियों और आम जनता की समस्याओं को प्राथमिकता से सुना और समाधान कराया। उनके जाने से क्षेत्र को उनकी कमी महसूस होगी, लेकिन हमें विश्वास है कि वे अपने नए स्थान पर भी इसी तरह बेहतर कार्य करेंगे।” वहीं समाजसेवी अजय राय ने कहा कि “सत्येंद्र कुमार राय एक अनुशासित और ईमानदार अधिकारी रहे हैं। उन्होंने हमेशा कानून व्यवस्था को मजबूत रखने के साथ-साथ जनता के साथ अच्छा व्यवहार किया। उनके कार्यों को हमेशा याद रखा जाएगा।

इस अवसर पर उपस्थित रेणुकूट चौकी प्रभारी संजय सिंह, पिपरी व्यापार मंडल अध्यक्ष प्रमोद जायसवाल, अजय राय, अखिलेश मिश्रा, संजय तिवारी, प्रदीप सिंह, रानू, विवेक केसरी, आफताब अहमद, अशोक कुशवाहा सहित बड़ी संख्या में नगरवासी मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में प्रभारी निरीक्षक सत्येंद्र कुमार राय ने सभी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पिपरी क्षेत्र से उन्हें हमेशा सहयोग और सम्मान मिला, जिसे वे जीवनभर याद रखेंगे।










