उमेश सागर/शक्तिनगर
• ‘सत्यनिष्ठा से समृद्धि’ के संदेश के साथ अधिकारियों, कर्मचारियों और विद्यार्थियों ने किया वॉकथॉन
शक्तिनगर, सोनभद्र । राष्ट्रीय एकता दिवस एवं सतर्कता जागरूकता अभियान के तहत शनिवार को एनटीपीसी सिंगरौली में राष्ट्रीय एकता रैली एवं सतर्कता जागरूकता वॉकथॉन का आयोजन उत्साहपूर्वक किया गया। ‘सत्यनिष्ठा से समृद्धि’ थीम पर आयोजित इस कार्यक्रम के माध्यम से राष्ट्रीय एकता, ईमानदारी, पारदर्शिता, जवाबदेही और भ्रष्टाचार मुक्त कार्यसंस्कृति का संदेश दिया गया।
रैली का शुभारंभ अंबेडकर भवन, टाउनशिप परिसर से हुआ तथा समापन सिद्धार्थ भवन अतिथि गृह में किया गया। इसमें एनटीपीसी के अधिकारियों एवं कर्मचारियों, सीआईएसएफ जवानों, विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों, विद्यार्थियों और कॉलोनीवासियों ने बड़ी संख्या में सहभागिता की। इस दौरान महाप्रबंधक (प्रचालन एवं अनुरक्षण) अगम प्रकाश तिवारी तथा महाप्रबंधक (प्रचालन एवं ईंधन प्रबंधन) अंजन कुमार पाल ने उपस्थित लोगों को सतर्कता जागरूकता की शपथ दिलाई। सभी ने राष्ट्र की एकता एवं अखंडता बनाए रखने के साथ अपने व्यक्तिगत और व्यावसायिक जीवन में ईमानदारी, निष्पक्षता एवं पारदर्शिता अपनाने का संकल्प लिया।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अगम प्रकाश तिवारी ने कहा कि सत्यनिष्ठा केवल एक नैतिक मूल्य नहीं, बल्कि सतत एवं समावेशी समृद्धि का आधार है। किसी भी संस्थान की वास्तविक प्रगति पारदर्शी कार्यप्रणाली, निष्पक्ष निर्णय और प्रत्येक स्तर पर जवाबदेही से सुनिश्चित होती है। उन्होंने कर्मचारियों से अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी ईमानदारी एवं निष्ठा से करने का आह्वान किया।
रैली में महाप्रबंधक सुनील कुमार मिश्रा, सौमित्र घोष, अवनीश कुमार सिंह, सीआईएसएफ कमांडेंट विवेक आर्य, सतर्कता प्रमुख सुशोभन दास, मानव संसाधन प्रमुख प्रणव वर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, यूनियन एवं एसोसिएशन के प्रतिनिधि, कर्मचारी और उनके परिजन मौजूद रहे। डॉ. अंबेडकर विद्यालय के शिक्षक एवं विद्यार्थियों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया।
उल्लेखनीय है कि सतर्कता जागरूकता अभियान के अंतर्गत एनटीपीसी सिंगरौली में बच्चों, महिलाओं, कर्मचारियों, सीआईएसएफ जवानों एवं संविदा कर्मियों की सहभागिता से विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम, प्रतियोगिताएं और संवादपरक गतिविधियां आयोजित की गईं। इनके माध्यम से समाज के विभिन्न वर्गों को भ्रष्टाचार के प्रति शून्य सहनशीलता, नैतिक मूल्यों और जिम्मेदार नागरिक आचरण के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यक्रम का संयोजन एनटीपीसी सिंगरौली के सतर्कता प्रमुख सुशोभन दास ने किया। रैली का समापन सत्यनिष्ठा, पारदर्शिता और राष्ट्रीय एकता के मूल्यों को दैनिक जीवन एवं कार्यप्रणाली में अपनाने के सामूहिक संकल्प के साथ हुआ।











