उदय चंद गुर्जर (बीजपुर)
सोनभद्र/बीजपुर। डोडहर प्रीमियर लीग (डीपीएल) सीजन-2 का भव्य शुभारंभ ग्राम प्रधान प्रतिनिधि रामभजन एवं समृद्धि जन कल्याण संस्थान के पदाधिकारियों द्वारा फीता काटकर किया गया। उद्घाटन समारोह में क्षेत्र के खेल प्रेमियों और ग्रामीणों की भारी भीड़ उमड़ी। पूरा मैदान हजारों दर्शकों से खचाखच भरा रहा टूर्नामेंट का पहला मुकाबला लोको पायलट 11 और बिहारपुर के बीच खेला गया। पहले बल्लेबाजी करते हुए लोको पायलट 11 ने निर्धारित 8 ओवर में 111 रन बनाए।

जवाब में बिहारपुर की टीम 8 ओवर में 77 रन ही बना सकी और मुकाबला हार गई। लोको पायलट 11 के इमरोज ने 22 गेंदों में 63 रनों की शानदार पारी खेलकर मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार जीता। दूसरा मैच पूर्वांचल आर्मी अनपरा और करकछी के बीच खेला गया। पूर्वांचल आर्मी ने 8 ओवर में 106 रन बनाए, जबकि करकछी की टीम मात्र 40 रन पर सिमट गई। पूर्वांचल आर्मी के सूरज गुप्ता ने 15 गेंदों में 41 रन बनाकर मैन ऑफ द मैच का खिताब हासिल किया। पहले क्वार्टर फाइनल में पूर्वांचल आर्मी अनपरा का सामना लोको पायलट 11 से हुआ। पूर्वांचल आर्मी ने 75 रन बनाए, जिसके जवाब में लोको पायलट 11 की टीम 58 रन ही बना सकी। इस जीत के साथ पूर्वांचल आर्मी ने सेमीफाइनल में जगह बना ली। रिहान को 21 गेंदों में 27 रन बनाने पर मैन ऑफ द मैच चुना गया। खिलाड़ियों के लिए भोजन, पेयजल और ठहरने की व्यवस्था की दर्शकों ने खूब सराहना की।












