उदय चंद गुर्जर/जरहा
जरहा(सोनभद्र)। सिरसोती ग्राम सभा में रविवार देर रात एक कच्चा मकान अचानक भरभराकर गिर गया। हादसे के समय घर में मौजूद परिवार ने किसी तरह बाहर भागकर अपनी जान बचाई। गनीमत रही कि कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन घर में रखा टीवी, कूलर, घरेलू सामान और राशन मलबे में दबकर बर्बाद हो गया।
जानकारी के अनुसार यह मकान स्वर्गीय गंगाराम की पत्नी मुन्नी देवी का है। पति की मृत्यु के बाद मुन्नी अपने दो बच्चों के साथ बेहद गरीबी में जीवन-यापन कर रही हैं। मकान जर्जर अवस्था में था जो देर रात अचानक ढह गया।
हादसे के बाद परिवार खुले आसमान के नीचे आ गया है। घर का सारा सामान और खाने-पीने की सामग्री मलबे में दबकर खराब हो गई है, जिससे परिवार के सामने रहने और खाने का संकट खड़ा हो गया है।
घटना की सूचना पर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों में फूल कुमारी, देवमती, रवि, हनुमान और आशु सहित कई लोग मौजूद रहे।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि विधवा महिला की आर्थिक स्थिति को देखते हुए तत्काल राहत सामग्री, आर्थिक सहायता और प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पक्का मकान उपलब्ध कराया जाए।












