किशन पाण्डेय/सोनभद्र
• भ्रष्टाचार मुक्त प्रशासन के लिए ईमानदारी और पारदर्शिता से कार्य करने का लिया संकल्प
सोनभद्र। सतर्कता जागरूकता सप्ताह-2026 के तहत शुक्रवार को प्रभागीय वनाधिकारी कार्यालय परिसर में सत्यनिष्ठा प्रतिज्ञा एवं शपथ ग्रहण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिला गंगा समिति के तत्वावधान में जिलाधिकारी के निर्देशन एवं प्रभागीय वनाधिकारी के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम में अधिकारियों और कर्मचारियों ने ईमानदारी, पारदर्शिता एवं निष्ठा के साथ अपने शासकीय दायित्वों का निर्वहन करने की शपथ ली।
कार्यक्रम का उद्देश्य सरकारी कार्यप्रणाली में पारदर्शिता एवं जवाबदेही को बढ़ावा देने के साथ भ्रष्टाचार मुक्त प्रशासन की स्थापना के प्रति प्रतिबद्धता सुनिश्चित करना रहा। इस दौरान सभी ने अपने कार्यों में सत्यनिष्ठा बनाए रखने और भ्रष्टाचार से दूर रहने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर उप प्रभागीय वनाधिकारी शत्रुघ्न त्रिपाठी ने विभाग में प्राप्त होने वाली शिकायतों का निस्तारण पूरी पारदर्शिता, संवेदनशीलता एवं निर्धारित समयसीमा में करने की अपील की। उन्होंने कहा कि शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई और जवाबदेह कार्यप्रणाली से आमजन को सरकारी सेवाओं का बेहतर लाभ मिल सकेगा।
कार्यक्रम में जिला परियोजना अधिकारी महेंद्र कुमार गौतम, क्षेत्रीय वनाधिकारी पवन सचान, वरिष्ठ लेखाकार ज्ञानेंद्र सिरोही, स्टेनो जिम्मेदार दास सहित वन विभाग एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।











