प्रयागराज ब्यूरो कार्यालय
• हादसे में दोनों बाइकों पर सवार युवक घायल, भीरपुर पुलिस ने घायलों को अस्पताल भिजवाया
करछना (प्रयागराज)। करछना थाना क्षेत्र के पनासा ग्रामसभा अंतर्गत पुतरिहा गांव के पास पुतरिहा-बसही मार्ग पर दो अपाची मोटरसाइकिलों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि दूसरी बाइक पर सवार युवकों को भी चोटें आई हैं। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बसही निवासी रचित यादव और अभिनव यादव अपाची मोटरसाइकिल से भिरपुर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान सामने से तेज रफ्तार में आ रही दूसरी अपाची बाइक से उनकी जोरदार भिड़ंत हो गई। दूसरी बाइक पर सवार युवकों की पहचान पुतरिहा निवासी विजय राज पुत्र नानकू राम और रोहित भारतीय पुत्र हृदयनारायण के रूप में हुई है।
टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक सवार सड़क पर गिरकर घायल हो गए। हादसे में रचित यादव की हालत गंभीर बताई जा रही है। वहीं अन्य घायलों को भी चोटें आई हैं।
घटना की सूचना मिलते ही भिरपुर चौकी प्रभारी अभिलाष सिंह और थाना प्रभारी भारत सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया। साथ ही दुर्घटनाग्रस्त दोनों मोटरसाइकिलों को कब्जे में लेकर मामले में आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।












