प्रशांत श्रीवास्तव/दुध्दी
दुद्धी (सोनभद्र)। दुद्धी तहसील के प्रांगण में शनिवार को ‘सम्पूर्ण समाधान दिवस’ का आयोजन किया गया। दुद्धी तहसील में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में जिलाधिकारी चर्चित गौड़ और पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने स्वयं उपस्थित रहकर फरियादियों की शिकायतों को सुना।
समाधान दिवस के दौरान कुल 65 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 02 मामलों का मौके पर ही त्वरित निस्तारण कर दिया गया। शेष 63 प्रकरणों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण ढंग से हल करने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया।
जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने विशेष रूप से भूमि विवाद से जुड़े मामलों में अधिकारियों को निर्देश दिए कि टीम गठित कर मौके पर स्थलीय जांच की जाए और वास्तविक स्थिति के आधार पर ही मामलों का निस्तारण कराया जाए।
डीएम ने कड़े शब्दों में कहा कि शिकायतों के निस्तारण के बाद शिकायतकर्ताओं से फीडबैक भी लिया जाएगा ताकि यह सुनिश्चित हो सके कि उन्हें किसी प्रकार की समस्या का सामना न करना पड़े। उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों को प्रत्येक मामले को गंभीरता से लेने और त्वरित जांच कर आख्या प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर उपजिलाधिकारी दुद्धी अशोक कुमार गुप्ता, तहसीलदार दुद्धी, नायब तहसीलदार सहित विभिन्न विभागों के अन्य वरिष्ठ अधिकारीगण उपस्थित रहे।











