_एक लाख 80 हजार रुपये की लागत से होगा घाट का सौंदर्यीकरण, दूधिया रोशनी से जगमगाएगा परिसर भगवान सूर्य की प्रतिमा होगी स्थापित

अनपरा, सोनभद्र। नगर पंचायत अनपरा के वार्ड नंबर 08 स्थित 21 नंबर पुलिया वल्लभ भाई नगर के एकलव्य छठ घाट का नजारा इस बार छठ महापर्व पर कुछ अलग और खास नजर आएगा। छठ महापर्व को यादगार और भव्य बनाने के लिए सभासद सीमा साकेत सहित कमेटी के सदस्य पूरी मेहनत और लगन के साथ घाट को आकर्षक स्वरूप देने में जुटे हुए हैं। इस बार बिलो रेट के तहत करीब एक लाख 80 हजार रुपये की लागत से घाट पर विशेष साज-सज्जा एवं आकर्षक प्रकाश व्यवस्था की जाएगी। दूधिया रोशनी से जगमगाते घाट के साथ लेजर शो, भव्य जागरण और मनमोहक झांकियां श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहेंगी। वहीं, छठी मइया की आराधना और भगवान भास्कर के प्रति आस्था को भव्य स्वरूप देने के लिए भगवान सूर्य की आकर्षक प्रतिमा भी स्थापित की जाएगी। कमेटी के सदस्यों का प्रयास है कि एकलव्य छठ घाट को ऊर्जांचल के सबसे खूबसूरत और आकर्षक छठ घाटों में शामिल किया जाए। इसके लिए घाट की साफ-सफाई, रंग-रोगन, साज-सज्जा, प्रकाश व्यवस्था सहित अन्य तैयारियों को अंतिम रूप देने में सदस्य दिन-रात जुटे हुए हैं। वहीं, नगर पंचायत अनपरा की ओर से भी छठ घाट का निरीक्षण किया जाएगा, ताकि तैयारियों और श्रद्धालुओं की सुविधाओं का जायजा लिया जा सके। छठ महापर्व पर यहां पहुंचने वाले व्रतियों एवं श्रद्धालुओं को भक्ति, आस्था और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का अनूठा संगम देखने को मिलेगा। इस बार एकलव्य छठ घाट की भव्य सजावट और विशेष आयोजन क्षेत्रवासियों के बीच खास आकर्षण बनने की उम्मीद है।











