रोशन शर्मा,बीना /सोनभद्र
सोनभद्र। बीना क्षेत्र में चोरों ने एक वेल्डिंग दुकान के बाहर रखे जनरेटर का अल्टरनेटर पार कर दिया। घटना के बाद पीड़ित दुकानदार ने बीना पुलिस चौकी में तहरीर देकर अज्ञात चोरों के खिलाफ कार्रवाई और चोरी गए सामान की बरामदगी की मांग की है। पीड़ित महेंद्र कुमार पुत्र ललन राम ने पुलिस को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि वह बीना में किराये की दुकान लेकर वेल्डिंग का कार्य करता है। 3 अक्टूबर की रात वह रोजाना की तरह दुकान बंद कर घर चला गया था।
अगले दिन सुबह दुकान पहुंचने पर बाहर रखा जनरेटर का अल्टरनेटर गायब मिला। काफी तलाश के बावजूद उसका कोई पता नहीं चला। पीड़ित के मुताबिक दुकान से करीब 40 कदम की दूरी पर कबाड़ की तीन दुकानें भी संचालित हैं। ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि चोरी के बाद अल्टरनेटर को कबाड़ के जरिए ठिकाने लगाने का प्रयास किया जा सकता है।
पीड़ित ने पुलिस से आसपास की दुकानों और मार्ग पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर संदिग्धों की पहचान करने की मांग की है। उसने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर चोरी गए अल्टरनेटर की बरामदगी की गुहार लगाई है। घटना के बाद क्षेत्र में दुकानदारों के बीच सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।











