लखनऊ वाराणसी नोएडा गाजियाबाद मेरठ अलीगढ़ अगरा कानपुर प्रयागराज अन्य
---Advertisement---

35 टन सरिया लदा ट्रक रास्ते से गायब,दस दिन बाद भी नहीं मिला सुराग,फर्म मैनेजर ने अनपरा थाने में दी तहरीर

---Advertisement---

_चालक समेत तीन लोगों पर मिलीभगत कर सरिया बेचने का आरोप, फर्म मैनेजर ने अनपरा थाने में दी तहरीर
अनपरा, सोनभद्र। माल ढुलाई के लिए करीब 35 टन सरिया लेकर निकला ट्रक निर्धारित गंतव्य तक पहुंचने के बजाय रास्ते से ही गायब हो गया। घटना के दस दिन बाद भी न तो ट्रक का पता चल सका है और न ही लाखों रुपये के सरिया की बरामदगी हुई है। मामले में भारत स्टील, सूरजपुर के मैनेजर ने ट्रक चालक समेत तीन लोगों पर आपसी मिलीभगत कर सरिया बेचने का आरोप लगाते हुए अनपरा थाने में शिकायत दर्ज कराई है। प्राप्त तहरीर के अनुसार, छत्तीसगढ़ के जगतपुर, रामगढ़ निवासी अंकित जायसवाल पुत्र रामानंद जायसवाल भारत स्टील, सूरजपुर में मैनेजर के पद पर कार्यरत हैं। आरोप है कि 20 अक्टूबर 2026 को वेद रोड लाइंस के माध्यम से ट्रक संख्या CG04QX-6645 पर करीब 35 टन सरिया लादकर कृष्णा स्टील, मऊ आइमा, प्रयागराज के लिए भेजा गया था।

शिकायतकर्ता के मुताबिक, निर्धारित समय पर माल गंतव्य तक नहीं पहुंचने पर ट्रक चालक रियाज उद्दीन से संपर्क किया गया तो उसने वाहन खराब होने की बात कहकर कई दिनों तक टालमटोल की। बाद में चालक ने अपना मोबाइल फोन बंद कर लिया। इसके बाद ट्रांसपोर्टर के माध्यम से कथित वाहन स्वामी सद्दाम से संपर्क किया गया, लेकिन वहां से भी केवल आश्वासन मिलता रहा। आरोप है कि काफी खोजबीन के बाद शिकायतकर्ता को जानकारी मिली कि चालक रियाज उद्दीन, कथित वाहन स्वामी सद्दाम और राजा बाबू जायसवाल ने आपसी मिलीभगत कर सरिया को अनपरा थाना क्षेत्र के डिबुलगंज में कहीं बेच दिया है। मामले में पीड़ित ने 31 अक्टूबर 2026 को अनपरा थाना प्रभारी को प्रार्थना पत्र सौंपकर आरोपियों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज करने, निष्पक्ष जांच कराने तथा गायब ट्रक और करीब 35 टन सरिया बरामद कराने की मांग की है।

करीब 35 टन सरिया लदे ट्रक के गायब होने का मामला परिवहन व्यवस्था और माल की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है। आखिर ट्रक कहां गायब हुआ, सरिया कहां उतारा गया और कथित तौर पर उसकी बिक्री किसे की गई इन सवालों का जवाब पुलिस जांच के बाद ही सामने आ सकेगा। फिलहाल शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आगे की जांच व कार्रवाई में जुट गई है!

Follow On Telegram
---Advertisement---

Leave a Comment