राजाराम/म्योरपुर
• हल्दी मोड़ के पास ट्रांसफार्मर की बिजली आपूर्ति बंद, घर के सटे 11 हजार वोल्ट के तार से हादसे का खतरा
म्योरपुर (संवाददाता) राजा राम।
सोनभद्र। म्योरपुर विकासखंड के ग्राम पंचायत परनी में हल्दी मोड़ के पास लगे 25 केवीए ट्रांसफार्मर से जुड़े करीब 20 घर पिछले 10 दिनों से अंधेरे में रहने को मजबूर हैं। बिजली आपूर्ति बंद होने से ग्रामीणों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं, एक घर के बिल्कुल सटे बिजली के पोल से गुजर रहा 11 हजार वोल्ट का हाईटेंशन तार संभावित दुर्घटना को दावत दे रहा है।

ग्रामीणों के अनुसार बराईडाड़ जाने वाले मार्ग पर नए बिजली के पोल लगाए जा रहे हैं। इसी कार्य के चलते हल्दी मोड़ के पास स्थित ट्रांसफार्मर की बिजली आपूर्ति बंद कर दी गई है। बिजली विभाग के कर्मचारियों से जानकारी लेने पर बताया गया कि जब तक पोल लगाने का कार्य पूरा नहीं हो जाता, तब तक बिजली आपूर्ति बहाल नहीं की जाएगी।
ग्रामीणों का कहना है कि बराईडाड़ मार्ग पर पोल लगाने का कार्य अपनी जगह जरूरी है, लेकिन इसके लिए करीब 20 घरों की बिजली 10 दिनों तक बंद रखना कहां तक उचित है। पूरे गांव में बिजली आपूर्ति चालू है, लेकिन केवल इसी ट्रांसफार्मर से जुड़े परिवार अंधेरे में रहने को मजबूर हैं। ग्रामीणों को यह भी पता नहीं है कि बिजली आपूर्ति कब तक बहाल होगी।
इसके अलावा एक मकान से सटे पोल पर 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन गुजर रही है, जिससे हमेशा हादसे की आशंका बनी रहती है। ग्रामीणों ने विभाग से इस तार को सुरक्षित स्थान से ले जाने अथवा दूसरे रूट से व्यवस्था करने की मांग की है।

गंगा प्रसाद, गया प्रसाद, कन्हैया सिंह, बाबूराम, तिलक यादव, भोला प्रसाद यादव एवं मनोज सिंह गोंड़ सहित अन्य ग्रामीणों ने बिजली विभाग के उच्चाधिकारियों से तत्काल हस्तक्षेप कर ट्रांसफार्मर की आपूर्ति बहाल कराने तथा घर के पास से गुजर रहे हाईटेंशन तार को सुरक्षित कराने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि विभाग जल्द समस्या का समाधान करे, ताकि करीब 20 घरों में फिर से रोशनी लौट सके और किसी संभावित दुर्घटना को टाला जा सके।










