किशन पाण्डेय/सोनभद्र
• जगदीश साहित्य संस्थान ने साहित्यिक योगदान के लिए किया सम्मानित, सोनभद्र का बढ़ाया गौरव
सोनभद्र/प्रयागराज। साहित्यिक संस्था जगदीश साहित्य संस्थान, प्रयागराज के द्वितीय स्थापना दिवस के अवसर पर काशी हिन्दी विद्यापीठ के संयुक्त तत्वावधान में भव्य साहित्यिक समारोह का आयोजन किया गया। हिन्दुस्तानी एकेडमी, प्रयागराज में आयोजित इस कार्यक्रम में पुस्तक विमोचन, कवि सम्मेलन, सम्मान समारोह, विशेष मानद उपाधि प्रदान करने तथा पत्रिका विमोचन जैसे विविध कार्यक्रम संपन्न हुए।
संस्थान के अध्यक्ष सरदार मनमोहन सिंह तन्हा के संयोजन में आयोजित समारोह में संरक्षक कवि इन्द्रजीत तिवारी निर्भीक, संस्थापिका एवं महासचिव जगदीश कौर सहित मंचासीन अतिथियों ने देश के विभिन्न क्षेत्रों से आए प्रतिष्ठित कवियों, लेखकों एवं साहित्यकारों को सम्मानित किया।
इसी क्रम में सोनभद्र जनपद के घोरावल तहसील क्षेत्र अंतर्गत महुआंव पाण्डेय गांव निवासी वरिष्ठ अधिवक्ता, पत्रकार, साहित्यकार एवं कवि राम अनुज धर द्विवेदी को उनके साहित्यिक योगदान, लेखन कार्य, कविता संग्रह तथा विभिन्न साहित्यिक आयोजनों में सक्रिय सहभागिता के लिए ‘प्रयागराज शब्द श्री सम्मान’ से सम्मानित किया गया।
श्री द्विवेदी को यह सम्मान मिलने से सोनभद्र जनपद के साहित्यिक जगत में हर्ष का माहौल है। उल्लेखनीय है कि इससे पूर्व भी उन्हें सोन रत्न, सोन गौरव, समाज शिरोमणि, पत्रकार गौरव, हिन्दी गौरव रत्न, पूर्वांचल एकता सम्मान, स्वामी विवेकानंद युवा सम्मान, दिव्य गंगा सेवी सम्मान एवं टीजीटी सम्मान सहित अनेक प्रतिष्ठित सम्मान प्राप्त हो चुके हैं।
समारोह के दौरान अन्य प्रतिभाओं को भी मानद उपाधियां एवं सम्मान पत्र प्रदान किए गए। साथ ही विभिन्न पुस्तकों एवं पत्रिकाओं का विमोचन किया गया। कार्यक्रम में देश के विभिन्न क्षेत्रों से आए कवि, साहित्यकार, लेखक एवं साहित्य प्रेमी उपस्थित रहे।










