_वॉलीबॉल और कबड्डी प्रतियोगिता में छह परियोजनाओं एवं क्षेत्रों की टीमों ने लिया हिस्सा, अनपरा और मेरठ कबड्डी के फाइनल में पहुंचीं

अनपरा, सोनभद्र। अनपरा तापीय परियोजना में 52वीं परियोजना/डिस्कॉम खेल प्रतियोगिता के अंतर्गत वॉलीबॉल एवं कबड्डी प्रतियोगिता का शुभारंभ सोमवार, 2 नवंबर को उत्साह और खेल भावना के बीच हुआ। अनपरा परियोजना क्रीड़ा समिति के तत्वावधान में आयोजित इस प्रतियोगिता में अनपरा, ओबरा और हरदुआगंज तापीय परियोजनाओं के साथ डिस्कॉम के मेरठ, लखनऊ एवं वाराणसी की टीमों ने प्रतिभाग किया। उद्घाटन समारोह के मुख्य अतिथि अनपरा तापीय परियोजना के मुख्य महाप्रबंधक इं. अजय कटियार रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एएन बरनवाल, अधीक्षण अभियंता मुख्यालय इं. चन्द्रमा प्रसाद, अधीक्षण अभियंता जानपद इं. महेंद्र सिंह तथा लखनऊ से पर्यवेक्षक के रूप में क्रीड़ा अधिकारी विनय कुमार एवं सुनील कुमार उपस्थित रहे।

मुख्य अतिथि इं. अजय कटियार ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल केवल शारीरिक स्वास्थ्य और मानसिक स्फूर्ति का माध्यम नहीं हैं, बल्कि इनसे अनुशासन, टीम भावना, आपसी सहयोग और सौहार्द भी मजबूत होता है। उन्होंने खिलाड़ियों से पूरे समर्पण एवं खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने का आह्वान किया। मंगलवार को प्रतियोगिता के दौरान कबड्डी मुकाबलों में अनपरा परियोजना और मेरठ की टीमों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली, जबकि ओबरा परियोजना की टीम तीसरे स्थान पर रही। वहीं, देर शाम वॉलीबॉल प्रतियोगिता के दोनों मुकाबले खेले जाने निर्धारित थे। कार्यक्रम के सफल आयोजन में क्रीड़ा सचिव इं. अनिल कुमार एवं क्रीड़ा समन्वयक इं. धर्मेंद्र कुमार की महत्वपूर्ण भूमिका रही। इस अवसर पर अधीक्षण अभियंता इं. उत्पल शंकर, इं. वीके दिनकर, इं. संदीप कुमार रजक, इं. आलोक त्रिपाठी, इं. कमर आलम, इं. गजेन्द्र सिंह सहित अधिशासी अभियंता इं. बीआर पटेल, इं. अदालत वर्मा, इं. बृजेन्द्र सिंह, इं. आशुतोष सिंह एवं इं. प्रमोद कुमार मौजूद रहे।

प्रतियोगिता में वॉलीबॉल के निर्णायक प्रवीण सैनी, शशि रंजन सिंह एवं निशांत झा तथा कबड्डी के निर्णायक दशाराम यादव, प्रेमचंद एवं मनीष ने अपनी जिम्मेदारी निभाई। आयोजन को सफल बनाने में इं. कमलेश कुमार, सुशील यादव, श्रीप्रकाश उर्फ श्री, मानिक चंद, अनपरा की वॉलीबॉल एवं कबड्डी टीमों के सदस्यों और वालंटियरों का विशेष योगदान रहा। कार्यक्रम का संचालन माधवेन्द्र सिंह ने किया।आयोजकों के अनुसार प्रतियोगिता का उद्देश्य परियोजना एवं डिस्कॉम स्तर पर खेल संस्कृति को बढ़ावा देना, कार्मिकों को स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक करना तथा खेलों के माध्यम से एकता, सहयोग और सकारात्मक प्रतिस्पर्धा की भावना को मजबूत करना है।











