लखनऊ वाराणसी नोएडा गाजियाबाद मेरठ अलीगढ़ अगरा कानपुर प्रयागराज अन्य
---Advertisement---

अनपरा में प्री-दीपावली समारोह एवं डांडिया नाइट की धूम, रंगारंग प्रस्तुतियों ने बांधा समां

---Advertisement---

_ज्योति पुंज महिला मंडल के आयोजन में पारंपरिक वेशभूषा, डांडिया नृत्य और कपल डांडिया रहा आकर्षण का केंद्र


अनपरा, सोनभद्र। ज्योति पुंज महिला मंडल (JPMM), अनपरा की ओर से 2 नवंबर को प्री-दीपावली समारोह एवं भव्य डांडिया नाइट का आयोजन हर्षोल्लास और उत्साह के साथ किया गया। दीपावली के स्वागत में आयोजित इस रंगारंग कार्यक्रम में भारतीय संस्कृति, पारंपरिक संगीत, नृत्य और आपसी सौहार्द की शानदार झलक देखने को मिली। महिलाओं एवं उनके परिवारजनों ने देर तक संगीत और नृत्य का आनंद लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर मुख्य अतिथि अनपरा तापीय परियोजना के सीजीएम अजय कटियार, जीएम इंजीनियर चंद्रप्रकाश, इंजीनियर डीके सिंह सहित अन्य अतिथियों का पुष्पगुच्छ भेंटकर स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। इसके बाद शुरू हुए सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया।


कार्यक्रम में बालिकाओं के डांडिया समूह ने आकर्षक प्रस्तुति देकर खूब तालियां बटोरीं। वहीं कार्यकारिणी सदस्यों के सदाबहार समूह ने अपनी प्रस्तुति से समारोह में चार चांद लगा दिए। डांडिया रास, डांसिंग क्वीन्स, मनमोहिनी, शूल धारिणी और घुंघरू सहित विभिन्न महिला समूहों ने रंग-बिरंगे पारंपरिक परिधानों में मनमोहक नृत्य प्रस्तुत कर पूरे माहौल को उत्सवमय बना दिया। समारोह का मुख्य आकर्षण कपल डांडिया रहा। हार्ट्स इन मोशन और डांडिया लवर्स सहित अन्य जोड़ों ने अपने जीवनसाथियों के साथ कदम से कदम मिलाकर शानदार प्रस्तुतियां दीं। डांडिया की खनक, संगीत की धुन और प्रतिभागियों के उत्साह ने दर्शकों को भी झूमने पर मजबूर कर दिया। इसके साथ ही क्विज प्रतियोगिता और लकी ड्रॉ ने भी लोगों का ध्यान आकर्षित किया। कार्यक्रम के अंत में प्रतिभागियों को उपहार देकर सम्मानित किया गया !

इस आयोजन ने दीपावली के उल्लास को साझा करने के साथ ही महिलाओं के बीच आपसी प्रेम, एकता, सहयोग और सांस्कृतिक जुड़ाव को नई मजबूती प्रदान की। कार्यक्रम को सफल बनाने में ज्योति पुंज महिला मंडल की अध्यक्षा आभा कटियार, उपाध्यक्ष रीना चतुर्वेदी एवं रेणु सिंह, सीमा सिंह, सचिव सुनीता मिश्रा, शालिनी सिंह, वर्तिका केशरवानी, कुसुमलता, पूनम, अंजू, ममता, रूबी एवं सरिता गुप्ता सहित कार्यकारिणी सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। सभी के सामूहिक प्रयासों से प्री-दीपावली समारोह यादगार बन गया।

Follow On Telegram
---Advertisement---

Leave a Comment