
सोनभद्र। जनपद में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन शुद्धि’ के तहत दुद्धी पुलिस और एसओजी/सर्विलांस टीम को बड़ी सफलता मिली है। संयुक्त पुलिस टीम ने अंतर्राज्यीय गांजा तस्करी गिरोह से जुड़े एक शातिर तस्कर को गिरफ्तार करते हुए उसके कब्जे से 55.989 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया है। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत करीब 28 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त VERNA कार, मोबाइल फोन और एटीएम निकासी से संबंधित पर्ची भी बरामद की है। कुल बरामदगी की अनुमानित कीमत करीब 35 लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस अधीक्षक सोनभद्र अभिषेक वर्मा के निर्देशन में मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक ऑपरेशन ऋषभ रुणवाल, क्षेत्राधिकारी दुद्धी विनय प्रभाकर साहनी के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक दुद्धी विश्वनाथ प्रताप सिंह के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।
_चेकिंग के दौरान कार लेकर भागा चालक, रजखड़ घाटी में पकड़ा गया
पुलिस के अनुसार, 1 सितंबर 2026 को थाना दुद्धी पुलिस म्योरपुर तिराहे पर संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि विंढमगंज की ओर से एक सफेद रंग की कार में अवैध गांजा ले जाया जा रहा है। पुलिस टीम ने कार को रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक वाहन को तेज गति से लेकर रजखड़ की ओर भागने लगा। पुलिस टीम ने पीछा करते हुए रजखड़ घाटी के पास घेराबंदी कर कार को रोक लिया और चालक को गिरफ्तार कर लिया।
_कार की डिग्गी से मिले 53 बंडल गांजा
पकड़े गए आरोपी की निशानदेही पर कार की डिग्गी की तलाशी ली गई। पुलिस के अनुसार, डिग्गी से खाकी रंग के टेप में लिपटे 53 बंडलों में कुल 55.989 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ।बरामदगी के दौरान क्षेत्राधिकारी दुद्धी और फील्ड यूनिट की मौजूदगी में आवश्यक कार्रवाई की गई। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन तथा 10 हजार रुपये की एटीएम निकासी से संबंधित पर्ची भी बरामद की। तस्करी में प्रयुक्त VERNA कार संख्या UP42CE6539 को आवश्यक दस्तावेज नहीं होने के कारण एमवी एक्ट की धारा 207 के तहत सीज कर दिया गया।
_उड़ीसा से लखनऊ पहुंचाई जा रही थी गांजे की खेप
पुलिस पूछताछ में गिरफ्तार आरोपी ने बताया कि वह अपने साथियों के साथ मिलकर उड़ीसा के बोध क्षेत्र से गांजा खरीदता था। इसके बाद झारखंड और छत्तीसगढ़ के रास्ते सोनभद्र होते हुए गांजे की खेप लखनऊ के मटियारी और चिनहट क्षेत्र में सप्लाई की जाती थी। आरोपी के अनुसार, इस बार भी वह 53 बंडलों में गांजा लेकर लखनऊ सप्लाई करने जा रहा था, लेकिन दुद्धी पुलिस और एसओजी/सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में पकड़ा गया। पुलिस का कहना है कि तस्करी में शामिल लोग आपस में व्हाट्सऐप कॉल के माध्यम से संपर्क करते थे। बरामद मोबाइल फोन और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान की जा रही है।
_गिरफ्तार आरोपी
ऋषभ सिंह उर्फ रिशु सिंह, पुत्र नकुल उर्फ संदीप सिंह, उम्र करीब 25 वर्ष, निवासी अलीपुर, थाना कासिमपुर, तहसील संडीला, जनपद हरदोई।
_आरोपी का आपराधिक इतिहास भी सामने आया
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ लखनऊ और बाराबंकी के विभिन्न थानों में लूट, चोरी, हत्या सहित अन्य गंभीर मामलों में कई मुकदमे दर्ज हैं। वर्तमान मामले में थाना दुद्धी पर मु0अ0सं0 246/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
_बरामदगी
- 53 बंडलों में 55.989 किलोग्राम अवैध गांजा, अनुमानित कीमत ₹28 लाख।
- VERNA कार संख्या UP42CE6539, अनुमानित कीमत ₹7 लाख।
- एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन।
- ₹10 हजार की एटीएम निकासी से संबंधित पर्ची।
- कुल अनुमानित बरामदगी करीब ₹35 लाख।
इस कार्रवाई को प्रभारी निरीक्षक विश्वनाथ प्रताप सिंह के नेतृत्व में थाना दुद्धी पुलिस एवं निरीक्षक नागेश सिंह के नेतृत्व में एसओजी/सर्विलांस टीम ने अंजाम दिया।











