
रोशन शर्मा,अनपरा। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर लायंस क्लब रेणूसागर एवं लायनेस क्लब अनपरा के संयुक्त तत्वावधान में शुक्रवार को विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में दोनों क्लबों के पदाधिकारियों, सदस्यों एवं उनके परिजनों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए रक्तदान कर समाजसेवा की मिसाल पेश की। शिविर में पहली बार रक्तदान करने वाले पदाधिकारियों एवं सदस्यों में विशेष उत्साह देखने को मिला। लायनेस क्लब की अध्यक्षा सोनी गुप्ता, आशीष वर्मा एवं मनोज यादव ने जीवन में पहली बार रक्तदान किया और लोगों को भी रक्तदान के लिए प्रेरित किया। वहीं, लायंस क्लब के जोन चेयरमैन शशि चंद्र यादव एवं लायन शालिनी यादव ने स्वयं रक्तदान कर शिविर में मौजूद रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन किया। शिविर के समापन अवसर पर क्लब पदाधिकारियों ने कहा कि “रक्तदान से बड़ा कोई दान नहीं है, क्योंकि यह किसी जरूरतमंद को नया जीवन दे सकता है।” उन्होंने कहा कि रक्तदान के प्रति लोगों को जागरूक करना और जरूरतमंद मरीजों तक समय पर रक्त उपलब्ध कराना समाज के प्रति महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। कार्यक्रम के अंत में रक्तदाताओं का आभार व्यक्त करते हुए उन्हें सम्मानित किया गया। शिविर के सफल आयोजन पर क्लब पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने सभी रक्तदाताओं, सहयोगियों तथा आयोजन में प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से योगदान देने वालों के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया। इस अवसर पर चेयरमैन लायन शशि चंद्र यादव, आशुतोष गुप्ता, रीना जैन, शौर्य अंशु, मिनी सेठ, शुभम सेठ सहित क्लब के अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे।











