किशन पाण्डेय/सोनभद्र
• सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा, दुकानदारों को सीसीटीवी दुरुस्त रखने और सतर्क रहने के दिए निर्देश
रेणुकूट (सोनभद्र)। दीपावली त्योहार के मद्देनजर शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए थाना पिपरी पुलिस ने बुधवार को पिपरी और रेणुकूट क्षेत्र में विशेष चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान पुलिस टीम ने सोने-चांदी के आभूषणों की दुकानों का निरीक्षण कर सुरक्षा इंतजामों का जायजा लिया। साथ ही थाना क्षेत्र के हिस्ट्रीशीटरों का सत्यापन कर उन्हें सख्त हिदायत दी।

पुलिस अधीक्षक सोनभद्र के निर्देश पर अपर पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन एवं क्षेत्राधिकारी पिपरी के निर्देशन में चलाए गए अभियान के दौरान ज्वेलर्स की दुकानों में लगे सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता और अन्य सुरक्षा व्यवस्थाओं की जांच की गई। पुलिस ने दुकानदारों को सतर्क रहने, संदिग्ध व्यक्तियों पर नजर रखने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को देने की अपील की।
वहीं, थाना क्षेत्र के हिस्ट्रीशीटरों की चेकिंग एवं सत्यापन करते हुए पुलिस ने उन्हें चेतावनी दी कि किसी भी आपराधिक गतिविधि में संलिप्तता पाए जाने पर उनके विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस का कहना है कि दीपावली के त्योहार को देखते हुए बाजारों एवं संवेदनशील स्थानों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है, ताकि आमजन और व्यापारियों में सुरक्षा का माहौल बना रहे तथा त्योहार शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।











