सोनभद्र ब्यूरो कार्यालय
रेणुकूट। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर शुभकामना फाउंडेशन द्वारा रेणुकूट के स्लम क्षेत्र, वार्ड नंबर-1 में एक विशेष योग एवं जनजागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों एवं अभिभावकों को योग, स्वास्थ्य और स्वच्छता के प्रति जागरूक बनाना था।

योग प्रशिक्षक विष्णु मोदी ने बच्चों को विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास कराया तथा नियमित योग के माध्यम से शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाए रखने के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने बच्चों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और दैनिक जीवन में योग को शामिल करने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के दौरान स्वच्छता के महत्व पर भी विशेष चर्चा की गई। बच्चों और अभिभावकों को अपने घर, आसपास के वातावरण एवं सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने तथा स्वच्छता को जीवन की आदत बनाने के लिए प्रेरित किया गया। इस अवसर पर संस्था के कार्यक्रम अध्यक्ष विकास शर्मा, सभासद चन्दा देवी, चंदन, सुभाष राय, रीमा राय सहित अनेक अभिभावक उपस्थित रहे। साथ ही शुभकामना फाउंडेशन में समर ट्रेनिंग प्राप्त कर रहे रक्षित लोहानी, दर्शित लोहानी, यश कुमार जायसवाल, नाडेरा फरजान, अंशुल कुमार एवं अमित कुमार ने भी बच्चों को योग दिवस के महत्व एवं इसके लाभों की जानकारी दी।

कार्यक्रम को और अधिक यादगार बनाते हुए योग प्रशिक्षक विष्णु मोदी ने अपनी वैवाहिक वर्षगांठ के अवसर पर बच्चों के बीच शैक्षणिक सामग्री का वितरण किया। योग सत्र के उपरांत बच्चों के साथ नाश्ता कर उन्होंने सेवा एवं सामाजिक उत्तरदायित्व का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया।

शिविर में भाग लेने वाले बच्चों एवं अभिभावकों ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए इसे अत्यंत उपयोगी एवं प्रेरणादायक बताया। शुभकामना फाउंडेशन ने भविष्य में भी स्वास्थ्य, शिक्षा एवं सामाजिक जागरूकता से जुड़े ऐसे कार्यक्रम निरंतर आयोजित करने का संकल्प व्यक्त किया।












