प्रशांत श्रीवास्तव/दुध्दी
दुद्धी (सोनभद्र)। स्वतंत्रता और राष्ट्रभक्ति के उल्लास के बीच दुद्धी नगर में एक विशाल तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। नगर अध्यक्ष कमलेश मोहन एवं मंडल प्रभारी विशाल पाण्डेय की अध्यक्षता में निकाली गई इस यात्रा में सैकड़ों की संख्या में युवाओं और छात्रों ने हिस्सा लिया, जिससे पूरा नगर देशभक्ति के रंग में रंग गया।
यह भव्य तिरंगा यात्रा दुद्धी स्थित ऐतिहासिक रामलीला मैदान से शुरू हुई।

इसके बाद यात्रा कस्बे की प्रमुख सड़कों, हनुमान मंदिर और अमवार मोड़ स्थित मां काली मंदिर से होते हुए गुजरी। हाथ में तिरंगा थामे युवाओं और छात्रों के बुलंद हौसले और ‘भारत माता की जय’ व ‘वंदे मातरम’ के गूंजते नारों से पूरा क्षेत्र गुंजायमान हो उठा।
यात्रा के दौरान शामिल छात्रों का उत्साह देखते ही बन रहा था। नगर के मुख्य मार्गों से भ्रमण करते हुए देशभक्ति का संदेश देने के बाद यह तिरंगा यात्रा पुनः रामलीला मैदान पहुंचकर सफलतापूर्वक संपन्न हुई। आयोजकों ने यात्रा में शामिल सभी युवाओं व आम नागरिकों का आभार व्यक्त किया।











