विक्की यादव/रेणुकूट
रेणुकूट (सोनभद्र)। अंतर्राष्ट्रीय खेल मंच पर एक बार फिर भारतीय प्रतिभा का डंका बजा है। सोनभद्र जिले के औद्योगिक नगर रेणुकूट निवासी और हिण्डालको इंडस्ट्रीज लिमिटेड (ब्वायलर को-जेनरेशन विभाग) में कार्यरत रवि सिंह ने थाईलैंड के पटाया शहर में आयोजित ‘9वीं हीरोज़ ताइक्वांडो इंटरनेशनल चैम्पियनशिप 2026’ में देश के लिए कांस्य (ब्रॉन्ज़) पदक जीतकर इतिहास रच दिया है। 31 जुलाई से 2 अगस्त 2026 तक आयोजित इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में दुनिया भर के 32 देशों के दिग्गज खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया था। रवि सिंह ने पुरुष वर्ग के अंडर-58 किग्रा भार वर्ग में जबरदस्त खेल भावना और कौशल का प्रदर्शन करते हुए पदक अपने नाम किया।

स्वर्गीय महामाया प्रसाद सिंह के पुत्र रवि सिंह ने अपनी इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर खुशी जाहिर करते हुए इसका श्रेय अपने माता-पिता, टीम कोच हरप्रीत सिंह, राकेश कुमार, रंजीत एवं सूरज को दिया। इसके साथ ही उन्होंने हिण्डालको प्रबंधन का विशेष आभार व्यक्त करते हुए कहा: “हिण्डालको के यूनिट प्रमुख समीर नायक, क्लस्टर एचआर हेड जसबीर सिंह, एचआर हेड अजय सिन्हा और बॉयलर को-जेनरेशन विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों व साथियों के सहयोग, मार्गदर्शन और निरंतर विश्वास की वजह से ही मैं अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर देश का प्रतिनिधित्व कर पदक जीतने में सफल रहा।”

रवि सिंह की इस स्वर्णिम सफलता की खबर मिलते ही रेणुकूट और पूरे सोनभद्र जिले में खुशी की लहर दौड़ गई। हिण्डालको इंडस्ट्रीज के अधिकारियों, सहयोगियों, रवि के परिजनों, मित्रों और स्थानीय गणमान्य व्यक्तियों ने उन्हें ढेरों बधाई दीं एवं उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।












