सुभाष पाण्डेय रावटर्सगंज
बैढ़न/सोनभद्र। वाहन ऋण से जुड़े चेक बाउंस मामले में लंबे समय से वारंटी चल रहे आरोपी को बैढ़न पुलिस ने सोनभद्र के घोरावल थाना क्षेत्र से स्थानीय पुलिस के सहयोग से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान रमेश देव पाण्डेय पुत्र स्व. नारायण देव पाण्डेय, निवासी तिलौली, घोरावल, सोनभद्र के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार आरोपी के विरुद्ध न्यायालय से वारंट जारी था, जिसके आधार पर पुलिस उसकी तलाश कर रही थी। गुरुवार की रात करीब नौ बजे बैढ़न पुलिस को आरोपी के घोरावल क्षेत्र में मौजूद होने की जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस टीम ने घोरावल पुलिस के सहयोग से कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
मामला वाहन ऋण की बकाया राशि से संबंधित बताया गया है। श्रीराम फाइनेंस के कर्मचारी राम जनम शर्मा के अनुसार ऋण की बकाया राशि के भुगतान के लिए 3 लाख 70 हजार 236 रुपये का चेक बैंक में प्रस्तुत किया गया था, लेकिन चेक बाउंस हो गया। इसके बाद बकाया राशि की वसूली के लिए नियमानुसार न्यायालयीन प्रक्रिया अपनाई गई। इसी न्यायालयीन कार्रवाई के क्रम में आरोपी के विरुद्ध वारंट जारी हुआ था। वारंट के अनुपालन में बैढ़न पुलिस ने घोरावल पहुंचकर आरोपी को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई के बाद आरोपी को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत करने की प्रक्रिया शुरू कर दी।












