संजय चेतन/सोन
चोपन/सोनभद्र। नगर के अवकाश नगर में संचालित कन्हैया स्वीट हाउस का कारखाना इन दिनों आसपास के लोगों के लिए सिरदर्द बन गया है। स्थानीय निवासियों ने कारखाने से उत्पन्न हो रही गंदगी और दुर्गंध को लेकर गहरा आक्रोश जताया है।जानकारी के अनुसार, कारखाने को प्रतिदिन धोने के बाद गंदा पानी सीधे सड़क पर बहा दिया जाता है। इससे न केवल आवागमन प्रभावित होता है बल्कि आसपास लगातार गीलापन और गंदगी बनी रहती है। इसके अतिरिक्त, आवासीय इलाके में कारखाना संचालित होने के कारण वहां से उठने वाली दुर्गंध से लोगों को गंभीर परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि रिहायशी इलाकों में इस तरह के व्यावसायिक कारखाने नहीं होने चाहिए। इससे स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के साथ-साथ आम जनजीवन अस्त-व्यस्त हो रहा है। इसी क्रम में सामाजिक कार्यकर्ता एवं नगर निवासी सभासद डिंपल गुप्ता,अशोक मद्देशिया,शुभम चौरसिया,अनूप कुमार,पुष्पा देवी व अन्य मुहल्ले के लोगों ने इस मुद्दे को गंभीर बताते हुए मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने कारखाने को आवासीय इलाके से हटाने और बंद कराने की मांग की है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यदि समय रहते प्रशासन इस पर ध्यान नहीं देता तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे। अब देखना यह होगा कि प्रशासन इस शिकायत पर क्या कार्रवाई करता है। से










