संजय चेतन/सोनभद्र
• महिला अधिवक्ता से विवाद के बाद टोल कर्मियों पर मारपीट का आरोप, तीन घायल
सोनभद्र । रॉबर्ट्सगंज सदर कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत लोढ़ी टोल प्लाजा पर उस समय हंगामा खड़ा हो गया, जब टोल कर्मियों और एक महिला अधिवक्ता पक्ष के बीच विवाद देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। टोल प्लाजा पर वाहनों की लंबी कतार को लेकर पूछताछ करने पर शुरू हुई कहासुनी ने उग्र रूप ले लिया और मारपीट तक जा पहुँची। घटना में महिला अधिवक्ता के तीन साथी/परिजन घायल हो गए। घायलों में एक महिला समेत दो लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें राजकीय मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी में भर्ती कराया गया है, जबकि एक अन्य को प्राथमिक उपचार दिया गया। मामले की सूचना मिलते ही जनपद के वकीलों में जबरदस्त आक्रोश फैल गया। बार एसोसिएशन के अध्यक्ष अशोक श्रीवास्तव एवं महामंत्री योगेश दुबे तत्काल मेडिकल कॉलेज पहुंचे और घायलों का हालचाल जाना। वकीलों ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।

पीड़ित महिला अधिवक्ता ने टोल प्लाजा कर्मियों के खिलाफ सदर कोतवाली में लिखित तहरीर देकर न्याय की गुहार लगाई है। घटना की गंभीरता को देखते हुए नगर क्षेत्राधिकारी रणधीर मिश्रा एवं सदर कोतवाल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और बाद में मेडिकल कॉलेज जाकर स्थिति का जायजा लिया।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है, वहीं इस घटना को लेकर अधिवक्ता समुदाय में रोष व्याप्त है।










