_ड्यूटी जा रहे बाइक सवार मजदूरों के साथ हादसा, एक की मौत, दूसरा घायल
_अनपरा डी प्लांट परिसर मार्ग पर कुत्ते की चपेट में आने से अनियंत्रित हुई बाइक, गंभीर रूप से घायल मजदूर ने वाराणसी में उपचार के दौरान तोड़ा दम

अनपरा, सोनभद्र। अनपरा थाना क्षेत्र अंतर्गत अनपरा डी तापीय परियोजना में बुधवार दोपहर ड्यूटी पर जा रहे बाइक सवार दो संविदा मजदूर सड़क दुर्घटना का शिकार हो गए। हादसे में एक मजदूर की मौत हो गई, जबकि दूसरा घायल हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही मृतक के परिजनों और साथी मजदूरों में शोक की लहर दौड़ गई।
मिली जानकारी के अनुसार, अनपरा डी तापीय परियोजना में सीएचपी (कोल हैंडलिंग प्लांट) का कार्य करा रही फीनिक्स सॉल्यूशन कंपनी में कार्यरत विशाल जायसवाल (32) निवासी एचसीएल कॉलोनी और विकास पाठक (35) पुत्र कृपा शंकर पाठक, निवासी अनपरा बाजार, बुधवार दोपहर दो से दस बजे की बी शिफ्ट में ड्यूटी करने बाइक से जा रहे थे। इसी दौरान डी प्लांट परिसर मार्ग पर अचानक कुत्ते की चपेट में आने से बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई।
हादसे में बाइक चला रहे विशाल जायसवाल के पैर में चोट आई, जबकि पीछे बैठे विकास पाठक के सिर में गंभीर चोट लग गई। घटना के बाद मार्ग से गुजर रहे अन्य मजदूरों ने मामले की जानकारी कंपनी के अधिकारियों को दी। इसके बाद दोनों घायलों को उपचार के लिए अनपरा तापीय परियोजना अस्पताल पहुंचाया गया।

चिकित्सकों ने विशाल जायसवाल का उपचार कर उन्हें घर भेज दिया, जबकि विकास पाठक की गंभीर हालत को देखते हुए वाराणसी रेफर कर दिया गया। बेहतर उपचार के लिए कंपनी के लोगों द्वारा उन्हें ईएसआई अस्पताल ले जाया गया, जहां देर रात उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। गुरुवार सुबह विकास पाठक की मौत की जानकारी परिजनों और कंपनी के साथी मजदूरों को मिली तो शोक का माहौल छा गया। बताया गया कि दोनों मजदूर फीनिक्स सॉल्यूशन कंपनी में सीएचपी कन्वेयर ऑपरेटर के पद पर संविदा पर कार्यरत थे। हादसे ने एक परिवार से उसका सहारा छीन लिया, वहीं साथी मजदूरों में भी दुख व्याप्त है।











