लखनऊ वाराणसी नोएडा गाजियाबाद मेरठ अलीगढ़ अगरा कानपुर प्रयागराज अन्य

सोनभद्र-: आदित्य विक्रम बिरला मेमोरियल राज्य स्तरीय जूनियर हैंडबॉल प्रतियोगिता में वाराणसी बनी चैंपियन

kishan Pandey (Editor)

By kishan Pandey (Editor)

Published on:

---Advertisement---

सोनभद्र ब्यूरो कार्यालय

रेणुकूट। हिंडाल्को स्पोर्ट्स काउंसिल एवं जिला हैंडबॉल संघ के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित तीन दिवसीय श्री आदित्य विक्रम बिरला मेमोरियल प्रथम राज्य स्तरीय जूनियर हैंडबॉल प्रतियोगिता का रविवार की शाम को भव्य समापन हुआ। रोमांचक फाइनल मुकाबले में वाराणसी ने गोरखपुर को 26-19 से पराजित कर खिताब अपने नाम किया। हिंडाल्को मैदान में खेले गए फाइनल मुकाबले में दोनों टीमों ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया। पहले हाफ से ही वाराणसी की टीम ने बढ़त बनानी शुरू कर दी और पूरे मैच के दौरान अपना दबदबा कायम रखा। गोरखपुर की टीम ने वापसी का प्रयास किया, लेकिन वाराणसी के खिलाड़ियों ने बेहतरीन तालमेल और आक्रामक खेल का प्रदर्शन करते हुए 26-19 के अंतर से जीत दर्ज कर चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। फाइनल मैच में रेफरी की भूमिका विवेक सिंह और अमरजीत ने निभाई, जबकि टेबल अधिकारियों के रूप में अतुल सिंह एवं पंकज सिंह ने जिम्मेदारी संभाली। समापन समारोह के मुख्य अतिथि हिंडाल्को रेणुकूट के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) समीर नायक, क्लस्टर एचआर हेड जसबीर सिंह तथा एचआर हेड अजय सिन्हा रहे। अतिथियों ने विजेता एवं उपविजेता टीमों को ट्रॉफी, मेडल और प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। इसके अलावा प्रतियोगिता में भाग लेने वाली सभी टीमों के खिलाड़ियों को भी पुरस्कार एवं प्रशस्ति पत्र वितरित किए गए।


समारोह के दौरान हिंडाल्को के 15 पूर्व खिलाड़ियों को भी विशेष रूप से सम्मानित किया गया। ये खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर की हैंडबॉल प्रतियोगिताओं में देश का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं और अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से क्षेत्र तथा देश का गौरव बढ़ा चुके हैं। उनके योगदान को याद करते हुए अतिथियों ने उन्हें सम्मानित किया। इस अवसर पर सीईओ समीर नायक ने कहा कि, “खेल प्रतिभाओं को मंच उपलब्ध कराना हिंडाल्को की प्राथमिकताओं में शामिल है। खिलाड़ियों को बेहतर अवसर और संसाधन उपलब्ध कराने के लिए संस्थान निरंतर प्रयासरत है। भविष्य में भी विभिन्न खेलों की प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा ताकि युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिल सके।” क्लस्टर एचआर हेड जसबीर सिंह ने कहा कि, “खेल केवल प्रतिस्पर्धा का माध्यम नहीं बल्कि अनुशासन, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता विकसित करने का सशक्त माध्यम है। इस प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने जिस खेल भावना और समर्पण का परिचय दिया है, वह सराहनीय है। हिंडाल्को आगे भी खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध रहेगा।” एचआर हेड अजय सिन्हा ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन क्षेत्र में खेल संस्कृति को मजबूत करने के साथ-साथ नई प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करते हैं। तीन दिनों तक चली इस प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कियाl

Follow On Telegram
kishan Pandey (Editor)

kishan Pandey (Editor)

किशन पाण्डेय प्रयागराज से ताल्लुक रखते हैं और जनपद सोनभद्र में 15 वर्षों से पत्रकारिता क्षेत्र में है ये स्थानीय समाचारों के अलावा राजनीतिक व मनोरंजन जैसी खबरों में रूचि रखते हैं। इस पोर्टल का मुख्य उद्देश्य ' हर ख़बरों ' को जनता तक पहुंचाने का कार्य कर रहा हैं।

---Advertisement---

Leave a Comment