प्रशांत श्रीवास्तव/ दुध्दी
विंढमगंज (सोनभद्र)। थाना क्षेत्र के जोरूखाड़ टोला बगबियानी में गुरुवार सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई, जब सड़क किनारे झाड़ियों में एक 25 वर्षीय युवक का शव बरामद हुआ। मृतक की पहचान रजनि कांत (25 वर्ष), पुत्र स्वर्गीय अश्विनी कुमार, निवासी पतरिहा के रूप में की गई है। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में दहशत और तनाव का माहौल है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, गुरुवार की सुबह जब ग्रामीण वहां से गुजर रहे थे, तो उन्होंने सड़क किनारे झाड़ियों में एक युवक का शव पड़ा देखा। जब लोगों ने नजदीक जाकर देखा, तो उसकी पहचान रजनि कांत के रूप में हुई। युवक का शव मिलने की खबर आग की तरह फैल गई और देखते ही देखते मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई।

घटना की सूचना तुरंत विंढमगंज पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में ले लिया। प्रथम दृष्टया यह मामला बेरहमी से की गई हत्या का प्रतीत हो रहा है। मृतक के सिर के पिछले हिस्से और गर्दन पर किसी धारदार हथियार से गंभीर वार किए गए थे, जिससे मौके पर ही उसकी मौत होने की आशंका जताई जा रही है।
इस दर्दनाक घटना के बाद से मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। बताया जा रहा है कि रजनि कांत भाइयों में सबसे बड़ा था। करीब एक वर्ष पूर्व बीमारी के कारण उसके पिता अश्विनी कुमार का निधन हो गया था, जिसके बाद पूरे परिवार की जिम्मेदारी रजनि कांत के कंधों पर ही आ गई थी। उसकी असमयिक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
फिलहाल, इस सनसनीखेज वारदात को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की गहन जांच शुरू कर दी है।










