_ककरी महाप्रबंधक सुजीत कुमार झा ने किया ध्वजारोहण, एनसीसी कैडेटों के मार्चपास्ट व पिरामिड प्रदर्शन ने मोहा मन

रोशन शर्मा,अनपरा,परासी (सोनभद्र), 15 अगस्त। डीएवी पब्लिक स्कूल, परासी (ककरी) में 80वां स्वतंत्रता दिवस समारोह शनिवार को गरिमामय एवं राष्ट्रभक्ति से ओत-प्रोत वातावरण में धूमधाम से मनाया गया। समारोह का शुभारंभ ककरी परियोजना के महाप्रबंधक एवं मुख्य अतिथि सुजीत कुमार झा ने राष्ट्रीय ध्वज फहराकर किया। इसके बाद राष्ट्रगान से पूरा विद्यालय परिसर देशभक्ति की भावना से गूंज उठा। इस अवसर पर ककरी परियोजना की प्रथम महिला एवं ‘एकता महिला मंडल’ की अध्यक्षा श्रीमती नीलम झा सहित परियोजना के सभी विभागाध्यक्ष विशेष रूप से उपस्थित रहे।

मुख्य अतिथि सुजीत कुमार झा ने विद्यार्थियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए राष्ट्र के प्रति समर्पित एवं कर्मनिष्ठ नागरिक बनने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के त्याग, बलिदान और जीवन मूल्यों से प्रेरणा लेकर देश के विकास में योगदान देना चाहिए।

समारोह में विद्यालय की 101वीं एनसीसी बटालियन के कैडेटों ने खेल शिक्षक श्री एस.आर. दास एवं सुश्री प्रिया सिंह के मार्गदर्शन में अनुशासित एवं तालबद्ध मार्चपास्ट प्रस्तुत किया। इसके साथ ही विद्यार्थियों ने शारीरिक संतुलन, सौष्ठव एवं टीम भावना का उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए आकर्षक पिरामिड का प्रदर्शन किया, जिसे उपस्थित लोगों ने खूब सराहा। विद्यार्थियों के अभिव्यक्ति कौशल का भी प्रभावशाली प्रदर्शन देखने को मिला।

शिक्षिकाओं अंजली यादव एवं साधना शुक्ला के निर्देशन में सीनियर छात्र प्रमुख पवन कुमार विश्वकर्मा एवं हर्षिता तिवारी तथा जूनियर हेड बॉय/गर्ल अयांश कुमार एवं सना याशीन ने हिंदी एवं अंग्रेजी में ओजस्वी भाषण प्रस्तुत कर स्वतंत्रता के महत्व पर प्रकाश डाला। संगीत शिक्षक डॉ. गौरव मिश्र के संयोजन में आयोजित रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने समारोह में चार चांद लगा दिए। विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीत, कव्वाली एवं तिरंगे के रंगों से सुसज्जित परिधानों में मनमोहक समूह नृत्य प्रस्तुत किया।
वहीं अमर शहीदों के जीवन एवं बलिदान पर आधारित नाटक ‘अमर बलिदानी’ के प्रभावशाली मंचन ने दर्शकों को भावविभोर कर दिया। विद्यालय की प्राचार्या श्रीमती रचना दुबे ने अतिथियों, अभिभावकों, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि विद्यार्थियों को निजी स्वार्थ से ऊपर उठकर संवैधानिक मूल्यों एवं मर्यादाओं की रक्षा करने का संकल्प लेना चाहिए। उन्होंने अमर शहीदों के सपनों का भारत बनाने के लिए विद्यार्थियों को निरंतर प्रयास करने की प्रेरणा दी।

साथ ही कार्यक्रम की सफलता के लिए शिक्षण एवं शिक्षणेतर कर्मचारियों की एकजुटता और समर्पण की सराहना की। कार्यक्रम का मंच संचालन सात्विक श्रीवास्तव, प्रियांशी मिश्रा, काव्या सिंह, फैज़ अली, रचना दुबे, निधि गुप्ता, आयुष गुप्ता एवं शिवम सिंह ने संयुक्त रूप से किया। अंत में वरिष्ठ शिक्षक डॉ. गौरव मिश्र ने सभी अतिथियों एवं आगंतुकों के प्रति आभार व्यक्त किया। समारोह का समापन विद्यार्थियों के बीच मिष्ठान्न वितरण के साथ हुआ।










