
रोशन शर्मा,अनपरा। औड़ी-शक्तिनगर मुख्य मार्ग की बदहाल स्थिति राहगीरों और वाहन चालकों के लिए मुसीबत बन गई है। जगह-जगह सड़क पर बने बड़े-बड़े गड्ढे दुर्घटनाओं को खुला न्योता दे रहे हैं। बावजूद इसके सड़क की मरम्मत को लेकर जिम्मेदार विभाग के अधिकारी मौन साधे हुए हैं। मुख्य मार्ग पर प्रतिदिन बड़ी संख्या में छोटे-बड़े वाहनों का आवागमन होता है। सड़क पर बने गहरे गड्ढों के कारण वाहन चालकों को अचानक ब्रेक लगाने और वाहनों को इधर-उधर मोड़ने के लिए मजबूर होना पड़ता है। इससे विशेषकर दोपहिया वाहन चालकों के लिए दुर्घटना का खतरा लगातार बना हुआ है।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि लंबे समय से सड़क की स्थिति खराब होने के बावजूद जिम्मेदार विभाग द्वारा प्रभावी कदम नहीं उठाया जा रहा है। बारिश के बाद गड्ढों में पानी भर जाने से उनकी गहराई का अंदाजा लगाना भी मुश्किल हो जाता है। क्षेत्रवासियों ने संबंधित अधिकारियों से औड़ी-शक्तिनगर मुख्य मार्ग का तत्काल निरीक्षण कराकर गड्ढों की मरम्मत कराने की मांग की है। लोगों का कहना है कि समय रहते सड़क की मरम्मत नहीं कराई गई तो किसी बड़े हादसे के बाद ही जिम्मेदारों की नींद खुलेगी।










