
रोशन शर्मा, अनपरा, सोनभद्र। अनपरा थाना क्षेत्र के धुर्वाह टोला जोगेंद्रा में शनिवार दोपहर घर के पास खेल रहे 10 वर्षीय बालक को अचानक सांप ने डस लिया। घटना के बाद परिजनों में अफरा-तफरी मच गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार, धुर्वाह टोला जोगेंद्रा निवासी सत्येंद्र खरवार (10 वर्ष) पुत्र रामसिंह खरवार घर के पास खेल रहा था। इसी दौरान उसे सांप ने डस लिया। परिजनों को घटना की जानकारी होते ही बालक को आनन-फानन में उपचार के लिए संयुक्त चिकित्सालय डिबुलगंज ले जाया गया। बताया जा रहा है कि अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने बालक को मृत घोषित कर दिया। मासूम की असमय मौत से परिवार में कोहराम मच गया है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना की सूचना मिलते ही अनपरा पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक विधिक कार्रवाई में जुट गई है।











