
सोनभद्र। मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन शुद्धि” के तहत थाना चोपन पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने अंतरराज्यीय गांजा तस्करी नेटवर्क के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपियों के कब्जे से 01 क्विंटल 340 ग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 50 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस के अनुसार तस्करी में प्रयुक्त मारुति सुजुकी ब्रेजा वाहन संख्या CG14MV 9648, तीन मोबाइल फोन और 1,210 रुपये नकद भी बरामद किए गए। वाहन समेत कुल बरामदगी की अनुमानित कीमत करीब 62 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक ऑपरेशन ऋषभ रुणवाल और क्षेत्राधिकारी नगर रणधीर मिश्रा के पर्यवेक्षण में यह कार्रवाई की गई।
चेकिंग के दौरान पुलिस ने दबोचा पुलिस के मुताबिक 21 सितंबर 2026 को थाना चोपन पुलिस प्रीतनगर क्षेत्र में संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एसओजी टीम को सूचना मिली कि हाथीनाला टोल प्लाजा की ओर से एक संदिग्ध ब्रेजा वाहन डाला/रॉबर्ट्सगंज की तरफ जा रहा है सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने बग्घानाला पुल और डाला क्षेत्र में घेराबंदी कर चेकिंग शुरू की। इसी बीच संदिग्ध वाहन के ओबरा जाने वाले पुल की सर्विस लेन पर पहुंचने की सूचना मिली। पुलिस टीम ने करीब शाम 4:25 बजे वाहन को रोककर उसमें सवार चालक समेत तीन लोगों को हिरासत में लिया।
चार बोरों में छिपाकर रखे थे 93 पैकेट वाहन की तलाशी के दौरान आगे और पिछली सीट के बीच बने खाली स्थान तथा डिग्गी में रखे चार बोरों से 93 पैकेट बरामद हुए। जांच में इन पैकेटों में कुल 01 क्विंटल 340 ग्राम गांजा पाया गया। पुलिस के अनुसार मामले में थाना चोपन में मु0अ0सं0 370/2026, धारा 8/20/27ए/29/60 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। तस्करी में प्रयुक्त वाहन को धारा 207 एमवी एक्ट के तहत सीज कर दिया गया है। ओडिशा से अम्बिकापुर, फिर मीरजापुर तक नेटवर्क पूछताछ में पुलिस को जानकारी मिली कि गांजा ओडिशा से मंगवाकर अम्बिकापुर में वाहन में लोड कराया गया था। इसके बाद आरोपी इसे सोनभद्र के रास्ते मीरजापुर जनपद के संतनगर थाना क्षेत्र के नवढ़िया निवासी एक व्यक्ति तक पहुंचाने जा रहे थे।
पुलिस के अनुसार गांजा खरीदने के लिए एक व्यक्ति ने आरोपियों से संपर्क किया था और अलग-अलग तिथियों में फोन-पे के माध्यम से धनराशि का लेन-देन भी हुआ था। मोबाइल फोन और ऑनलाइन लेन-देन से जुड़े तकनीकी साक्ष्यों की जांच की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि पूछताछ में सामने आए अन्य लोगों की भूमिका तथा अंतरराज्यीय गांजा तस्करी नेटवर्क की कड़ियों की गहनता से जांच की जा रही है। मुकुन्द यादव (24) पुत्र सकेलन यादव, ग्राम सिहार धार, थाना लैलूंगा, जनपद रायगढ़, छत्तीसगढ़।
रोहित सिदार (23) पुत्र घनश्याम सिदार, ग्राम सिहार धार, थाना लैलूंगा, जनपद रायगढ़, छत्तीसगढ़।
आशीष मौर्या (19) पुत्र लालता प्रसाद मौर्या, ग्राम महुगढ़, थाना हलिया, जनपद मीरजापुर।
बरामदगी: 01 क्विंटल 340 ग्राम गांजा, ब्रेजा वाहन, तीन मोबाइल फोन और ₹1,210 नकद। पुलिस के अनुसार कुल बरामदगी की अनुमानित कीमत करीब ₹62 लाख है।












