
अनपरा, सोनभद्र। साहू समाज सेवा समिति की ओर से गांधी जयंती के अवसर पर अनपरा तापीय परियोजना के आवासीय परिसर स्थित ऑपरेटिंग क्लब में समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बच्चों ने भाषण, गीत एवं देशभक्ति गीतों पर मनमोहक नृत्य प्रस्तुत कर उपस्थित लोगों की खूब सराहना बटोरी। समारोह का शुभारंभ मुख्य अतिथि मध्य प्रदेश के सिंगरौली विधायक रामनिवास शाह ने मां कर्मा देवी एवं मां सरस्वती के चित्र पर दीप प्रज्ज्वलित व पुष्पार्चन कर किया। इसके बाद राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लालबहादुर शास्त्री के चित्र पर माल्यार्पण किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक रामनिवास शाह ने कहा कि समाज के विकास में शिक्षा, सामाजिक सहभागिता के साथ राजनीतिक क्षेत्र में प्रभावी भागीदारी भी आवश्यक है। उन्होंने कहा कि सरकार की ओर से विभिन्न वर्गों के लिए अनेक योजनाएं संचालित की जा रही हैं। समाज के लोगों को पात्र लोगों तक इन योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए एकजुट होकर कार्य करना चाहिए। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों को बेहतर शिक्षा दिलाने की अपील की।

विशिष्ट अतिथि भाजपा जिलाध्यक्ष नंदलाल गुप्ता ने कहा कि महात्मा गांधी ने सत्य और अहिंसा को अपने जीवन में अपनाने का संदेश दिया। कार्यक्रम के समापन पर विभिन्न प्रस्तुतियां देने वाले बच्चों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। संचालन रंजीत गुप्ता ने किया। इस अवसर पर सिंगरौली नगर निगम की पूर्व महापौर रेणु शाह, सीधी जिला पंचायत अध्यक्ष अशोक शाह, साहू समाज सेवा समिति के अध्यक्ष बाल गोविंद गुप्ता, महामंत्री रामजनम गुप्ता, संरक्षक महेश गुप्ता, राजेंद्र प्रसाद गुप्ता, रामचरित्र गुप्ता, कोषाध्यक्ष शंभूनाथ गुप्ता, मीडिया प्रभारी अनिल गुप्ता राही, संगठन मंत्री हरिराम गुप्ता सहित समिति के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।












