
शक्तिनगर, सोनभद्र। भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन 17 सितंबर से चल रहे सेवा संकल्प अभियान के क्रम में रविवार को भाजपा शक्तिनगर मंडल के तत्वावधान में शक्तिनगर बस स्टैंड, खड़िया बाजार एवं बीना में नुक्कड़ नाटक के माध्यम से जनजागरूकता अभियान चलाया गया। नुक्कड़ नाटक के जरिए कलाकारों ने आमजन को स्वच्छता, जनसेवा, सामाजिक जिम्मेदारियों एवं सामाजिक सरोकारों के प्रति जागरूक किया। कलाकारों ने अपने अभिनय और संवाद के माध्यम से लोगों को समाजहित में सक्रिय भूमिका निभाने का संदेश दिया। कार्यक्रम को देखने के लिए विभिन्न स्थानों पर स्थानीय नागरिकों की भीड़ जुटी। लोगों ने नुक्कड़ नाटक के माध्यम से दिए गए जागरूकता संदेशों की सराहना की। आयोजकों ने कहा कि नुक्कड़ नाटक जैसे प्रभावी माध्यमों के जरिए समाज के हर वर्ग तक सेवा, जागरूकता और सामाजिक सहभागिता का संदेश आसानी से पहुंचाया जा सकता है।
इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ स्थानीय नागरिकों की सहभागिता रही। अभियान का उद्देश्य सेवा की भावना को मजबूत करने के साथ आमजन को सामाजिक दायित्वों के प्रति जागरूक करना रहा।













